Silli: सिल्ली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत राहे प्रखंड में शुक्रवार को विधायक अमित महतो की उपस्थिति में तीन महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास गांव की बुजुर्ग महिलाओं के हाथों कराया गया. इस पहल के माध्यम से महिलाओं को सम्मान देते हुए विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई.
कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में स्नानागार एवं शौचालय निर्माण कार्य का शिलान्यास
कार्यक्रम की शुरुआत कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, राहे में स्नानागार एवं शौचालय निर्माण कार्य के शिलान्यास से हुई. इस योजना का शिलान्यास कमला देवी के करकमलों से कराया गया. इस अवसर पर विधायक अमित महतो ने विद्यालय की छात्राओं को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और इसके माध्यम से समाज एवं राष्ट्र का समग्र विकास संभव है. विधायक ने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया. छात्राओं ने भी तालियों की गड़गड़ाहट के साथ विधायक का स्वागत किया तथा आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम में विद्यालय की वार्डन विमला कुमारी भी उपस्थित रहीं.

गोदाम निर्माण कार्य व सड़क सुदृढ़ीकरण योजना का शिलान्यास
इसके बाद अंबाझरिया गांव में 500 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम निर्माण कार्य का शिलान्यास आलोमनी देवी के हाथों कराया गया. विधायक ने कहा कि इस गोदाम के निर्माण से किसानों को अपनी उपज के सुरक्षित भंडारण की सुविधा मिलेगी, जिससे उन्हें आर्थिक लाभ होगा. वहीं, कार्यक्रम के अंतिम चरण में नवागांव-बोटेशोकरा-भाया महेशपुर-पुरनानगर-उरांवडीह सड़क सुदृढ़ीकरण योजना का शिलान्यास कोकिला देवी के करकमलों से शिलापट्ट का अनावरण कर किया गया. विधायक ने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी तथा ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी.
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर राहे थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, जिला परिषद सदस्य बादल महतो, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष पशुपति अहीर, प्रखंड सचिव सर्वेश्वर महतो, संगठन सचिव अमीष महतो, प्रखंड कोषाध्यक्ष मनोज कुमार, उपाध्यक्ष संदीप अहीर, प्रकाश महतो, महेंद्र प्रसाद, गोवर्धन अहीर, गोपेश्वर महतो, वीर सिंह मुंडा, ऋषिकेश, पूर्व सैनिक महेंद्र महतो, दिलेश्वर, देवगन, किसलय महतो, संतोष महतो सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: रांचीः फेसबुक पर विदेशी डॉक्टर बनकर युवती को प्यार के जाल में फंसाया और ठग ली 5.6 लाख


