Chaibasa: पूर्व मंत्री एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई ने पश्चिमी सिंहभूम जिले में कथित अवैध लौह अयस्क खनन और परिवहन को लेकर राज्य सरकार, जिला प्रशासन तथा संबंधित विभागों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि जिले में लंबे समय से बंद पड़ी खदानों के बावजूद बड़े पैमाने पर अवैध लौह अयस्क का खनन और परिवहन जारी है, जिससे सरकार को राजस्व की क्षति हो रही है और स्थानीय युवाओं को रोजगार से वंचित होना पड़ रहा है.
विभागों की मिलीभगत के कारण फल-फूल रहा अवैध खनन का कारोबार
बड़कुंवर गागराई ने आरोप लगाया कि खनन विभाग, वन विभाग, पुलिस प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों की मिलीभगत के कारण अवैध खनन का कारोबार लगातार फल-फूल रहा है. यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो भाजपा इस मुद्दे को लेकर व्यापक जनआंदोलन करेगी तथा आवश्यकता पड़ने पर राज्य सरकार, केंद्र सरकार और न्यायालय का भी दरवाजा खटखटाएगी. इसे लेकर उन्होंने मांग की, कि जिले में अवैध खनन की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, बंद पड़ी खदानों को नियमानुसार चालू कर स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए तथा अवैध खनन एवं परिवहन पर तत्काल रोक लगाई जाए. साथ ही उन्होंने प्रशासन से अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की.

यह भी पढ़ें: झारखंड शिक्षा विभाग में प्रशासनिक फेरबदल, 15 अधिकारियों को मिला अतिरिक्त प्रभार


