Giridih : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह में शनिवार की शाम दिनदहाड़े चैन स्नैचिंग की घटना ने लोगों में दहशत फैला दी. दो बाइक सवार उचक्कों ने एक महिला को अपना निशाना बनाते हुए उनके गले से करीब डेढ़ लाख रुपये की कीमत की सोने की चैन झपट ली और पलक झपकते ही फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. जबकि पुलिस अपराधियों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है. मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता संगीता देवी शनिवार की शाम सोनबाद स्थित अपने रिश्तेदार के घर से वापस सिहोडीह स्थित अपने घर लौट रही थी. पीड़िता पैदल ही मंगल मूर्ति लॉज के बगल वाली गली से होकर घर की ओर जा रही थी. इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे दो बाइक सवार बदमाश अचानक उनके करीब पहुंचे. महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चैन छीन ली. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी तेज रफ्तार से बाइक दौड़ाते हुए मौके से फरार हो गए. घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़िता को संभलने तक का मौका नहीं मिला. उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अपराधी काफी दूर निकल चुके थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था. जिससे उन्हें पहचानना मुश्किल हो गया. हालांकि लोगों का कहना है कि अपराधियों ने पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया और कुछ ही सेकेंड में मौके से गायब हो गए.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता संगीता देवी का बयान दर्ज किया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की. शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि अपराधी पहले से महिला की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और सुनसान जगह मिलते ही वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके और यह पता लगाया जा सके कि वे किस रास्ते से फरार हुए. पुलिस की टीम संभावित सड़कों पर भी जांच कर रही है. साथ ही इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और संदिग्ध बाइक सवारों पर नजर रखी जा रही है.
पुलिस का दावा जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस ने भी आम नागरिकों से अपील की है कि अगर किसी को घटना से संबंधित कोई जानकारी या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें. ताकि अपराधियों तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके. फिलहाल पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
