गिरिडीह: निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरा, मलबे में दबकर मां-बेटे की दर्दनाक मौत, एक घायल

Giridih: जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सलैया गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया. निर्माणाधीन...

छज्जा गिरने से मां-बेटे की जान गई
छज्जा गिरने से मां-बेटे की जान गई

Giridih: जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सलैया गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया. निर्माणाधीन मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर जाने से मलबे में दबकर मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि निर्माण कार्य कर रहा एक राजमिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए.

मां-बेटे की मौके पर हुई मौत

मृतकों की पहचान सुनीता देवी और उनके पुत्र राजकुमार यादव के रूप में हुई है. बताया जाता है कि दोनों अपने निर्माणाधीन मकान का कार्य देख रहे थे. इसी दौरान वे छज्जे के समीप खड़े होकर निर्माण कार्य में लगे राजमिस्त्री प्रदीप यादव को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे.

काम शुरू करते ही भरभराकर गिरा छज्जा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही राजमिस्त्री प्रदीप यादव छज्जे पर चढ़कर काम शुरू करने लगा, अचानक छज्जा तेज आवाज के साथ भरभराकर नीचे गिर पड़ा. छज्जे का भारी मलबा सीधे सुनीता देवी और उनके पुत्र राजकुमार यादव पर आ गिरा, जिससे दोनों उसकी चपेट में आ गए. वहीं, छज्जे के साथ राजमिस्त्री भी नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया.

ग्रामीणों ने चलाया राहत कार्य

हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे मां-बेटे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी. घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल व्याप्त है.

घायल राजमिस्त्री का इलाज जारी

घटना में घायल राजमिस्त्री प्रदीप यादव को तत्काल उपचार के लिए जमुआ स्थित अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों के अनुसार, उसके हाथ, पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं. एक्स-रे और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चोटों की वास्तविक गंभीरता का पता चल सकेगा.

Also Read: गिरिडीह: केस के बाद जमानत पर छूटे आरोपी फिर करने लगे अवैध खनन, 17 पर FIR, 6 जेल भेजे गए

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि निर्माणाधीन छज्जा पर्याप्त मजबूत नहीं होने या तकनीकी खामी के कारण अचानक ढह गया, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

सुरक्षा मानकों के पालन की मांग

इस हृदयविदारक हादसे के बाद सलैया गांव में शोक की लहर है. ग्रामीणों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *