Ranchi : स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जनसेवा के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा है कि राजनीति में जनता की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है. उन्होंने अपने विरोधियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोग मोतियाबिंद जैसी राजनीतिक सोच से ग्रसित है. जिन्हें राज्य में हो रहे सकारात्मक कार्य दिखाई नहीं देते.
दिखावा नहीं, कर्तव्य है जनसेवा
डॉ. अंसारी ने स्पष्ट किया कि उनके लिए जनसेवा केवल एक राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि जीवन का संकल्प है. उन्होंने कहा कि मेरे लिए जनता की सेवा कोई दिखावा नहीं है. मैं हर दिन जनता के बीच रहता हूं, उनकी तकलीफों को अपना समझता हूं और उन्हें दूर करने का हरसंभव प्रयास करता हूं.
सीधे संवाद और त्वरित समाधान
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वे प्रतिदिन स्वयं हजारों फोन कॉल्स रिसीव करते है. लोगों की समस्याएं सुनने और उनके त्वरित समाधान में उन्हें एक अलग संतोष मिलता है. उन्होंने कहा कि चाहे मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराना हो, उनके बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करना हो या फिर स्वस्थ होकर उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाना हो. मैं अपनी जिम्मेदारी को निभाने में कोई कसर नहीं छोड़ता.
राजनीतिक विरोधियों को करारा जवाब
अपनी कार्यप्रणाली की आलोचना करने वालों को आड़े हाथों लेते हुए डॉ. अंसारी ने कहा कि दुर्भाग्यवश कुछ लोगों की राजनीतिक सोच पर मोतियाबिंद का पर्दा पड़ा है. हालांकि, उन्हें इस बात का पूरा भरोसा है कि झारखंड की जागरूक जनता सब देख रही है और समझ रही है. उन्होंने आगे कहा कि जनता का यही आशीर्वाद मेरी सबसे बड़ी ताकत है और इसी विश्वास के बल पर मैं निरंतर जनसेवा के पथ पर अग्रसर हूं.
ALSO READ : झारखंड में मानसून का अलर्ट मोड, तेज हवाओं और भारी बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी
