Ranchi: जयपाल कॉलोनी से बालीगुमा टंकी तक पेयजल पाइपलाइन बिछाने के दौरान करंट लगने से जान गंवाने वाले मजदूर चेतन यादव के परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया. यह राशि ठेकेदार की ओर से दी गई.
मृतक की दोनों पत्नियों को मिल मुआवजा
मृतक चेतन यादव गिरिडीह जिले के पेशम गांव के रहने वाले थे. मुआवजा राशि का वितरण गिरिडीह से आए जनप्रतिनिधियों और परिजनों की मौजूदगी में किया गया. परिवार को 1 लाख रुपये नकद, 6 लाख रुपये का एक चेक और 3 लाख रुपये का दूसरा चेक दिया गया. यह राशि मृतक की दोनों पत्नियों के परिवारों के बीच बांटी गई.
JDU के नेताओं का अहम भूमिका
बताया गया कि मुआवजा दिलाने में विधायक सरयू राय के प्रतिनिधियों और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के नेताओं ने अहम भूमिका निभाई. इस दौरान जदयू के जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार समेत कई नेता मौजूद रहे.
मुआवजा मिलने तक पूरे मामले की जानकारी लेते रहे सरयू राय
बगोदर के पूर्व विधायक विनोद सिंह ने सरयू राय से फोन पर संपर्क कर बताया था कि मृतक गरीब परिवार से हैं और मुआवजा दिलाने में दिक्कत हो रही है. इसके बाद सरयू राय ने अपने प्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश दिए और मुआवजा मिलने तक पूरे मामले की जानकारी लेते रहे. मुआवजा मिलने के बाद मृतक का परिवार गिरिडीह स्थित अपने गांव के लिए रवाना हो गया.
