Palamu: जिले के पांडू प्रखंड स्थित ओबरा गांव में वज्रपात से जान गंवाने वाले युवक आनंद भुइयां के परिजनों से झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की. टीम ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
जामुन तोड़ने के दौरान हुई दर्दनाक घटना
मृतक के पिता ललन भुइयां ने बताया कि आनंद गांव के दो अन्य युवकों के साथ जामुन तोड़ने गया था. इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया, बारिश से बचने के लिए तीनों एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए, तभी आकाशीय बिजली गिरने से आनंद की मौके पर ही मौत हो गई, इस हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है.
चार लाख रुपये की सहायता राशि दिलाने का आश्वासन
JMM के केंद्रीय समिति सदस्य और पलामू जिला प्रवक्ता चंदन प्रकाश सिन्हा ने मौके पर ही संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मिलने वाली चार लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा परिवार
चंदन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार गरीब और जरूरतमंद लोगों के साथ खड़ी है. उन्होंने कहा कि किसी अपने को खोने का दर्द कभी कम नहीं हो सकता, लेकिन सरकार की आर्थिक सहायता कठिन समय में परिवार को सहारा देने का काम करेगी. साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि मृतक के परिवार को सरकार की सभी पात्र कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा.
ALSO READ: पलामू: झारखंड पत्रकार संगठन का पुनर्गठन, अवधेश शुक्ला बने अध्यक्ष, रघुवीर पांडे महासचिव
