Giridih: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान को गति देने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर रविवार को जिले के सभी प्रखंडों में गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया गया. अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर अभियान की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया और संबंधित कर्मियों को तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए.
अभियान के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से गणना प्रपत्रों का वितरण, उनका संग्रहण तथा ऑनलाइन डिजिटाइजेशन युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है. प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र मतदाता का विवरण सही तरीके से मतदाता सूची में दर्ज हो तथा किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति न रहे.
अधिकारियों ने आवंटित क्षेत्रों का दौरा किया
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, वरीय पदाधिकारी, संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा अन्य नामित अधिकारियों ने अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों का दौरा किया. अधिकारियों ने बूथ स्तर अधिकारियों (BLO) एवं BLO सुपरवाइजरों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली और वितरण, संग्रहण व डिजिटाइजेशन की स्थिति का मौके पर सत्यापन किया.
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने सभी BLO एवं BLO सुपरवाइजरों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आज शाम तक गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य हर हाल में पूरा किया जाए. साथ ही डिजिटाइजेशन कार्य में गुणवत्ता, शुद्धता और समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया. प्रत्येक गणना प्रपत्र को निर्धारित मानकों के अनुरूप ऑनलाइन अपलोड करने का निर्देश भी दिया गया, ताकि मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित हो सके.
लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा. सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं.
प्रशासन का मानना है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के सफल क्रियान्वयन से जिले की मतदाता सूची अधिक सटीक, अद्यतन एवं विश्वसनीय बनेगी, जिससे आगामी चुनावों के दौरान पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा.
