Lohardaga: भंडरा प्रखंड अंतर्गत बड़ागाईं निवासी युवक एवं युवती की निर्मम हत्या की घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है. घटना की सूचना मिलते ही भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों का एक दल पीड़ित परिवार के घर पहुंचा तथा शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी. इस दौरान सभी ने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की.
तजना नदी के पास हुई वारदात, क्षेत्र में फैली सनसनी
जानकारी के अनुसार, भंडरा प्रखंड के बड़ागाईं निवासी प्रकाश राम उस्ताद के पुत्र अरुण कुमार राणा तथा भोला ठाकुर की पुत्री नेहा कुमारी गुरुवार को मोटरसाइकिल से खूंटी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान तजना नदी के समीप अज्ञात अपराधियों ने दोनों की नृशंस हत्या कर दी. घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल तथा पीड़ित परिवार के घर पहुंचने लगे. घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे. उनके साथ लोहरदगा नगर पालिका अध्यक्ष अनिल उरांव, अनुसूचित जनजाति नेता पवन तिग्गा, रामचंद्र गिरि, रमेश राणा, राजन राणा तथा बड़ागाईं पंचायत की मुखिया कैली उरांव सहित कई ग्रामीण एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे. सभी ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की बात कही तथा हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
भाजपा जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज ने घटना को अत्यंत दुखद और मानवता को झकझोर देने वाली बताया. उन्होंने कहा कि इस प्रकार की जघन्य घटना समाज के लिए चिंता का विषय है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए. उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की. इस दौरान अजय कुमार पंकज ने करंज थाना प्रभारी से दूरभाष पर बातचीत कर घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की. उन्होंने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की जाए तथा हत्या में शामिल सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और समाज में कानून के प्रति लोगों का विश्वास बना रहे.
ALOS READ: JPSC परीक्षा विवाद पर रघुवर दास ने उठाए सवाल, कहा- ‘युवाओं के भरोसे से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं’
पुलिस जांच जारी, गिरफ्तारी का इंतजार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के बाद करंज थाना पुलिस ने प्रारंभिक जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है तथा घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तकनीकी जानकारियों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हो सकी थी. इधर, इस हृदयविदारक घटना के बाद बड़ागाईं सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है. स्थानीय लोगों ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने होंगे, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. पूरा क्षेत्र इस दोहरे हत्याकांड से स्तब्ध है और सभी की निगाहें अब पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं.
