Bokaro: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान को लेकर रविवार को चास प्रखंड क्षेत्र में जन जागरूकता अभियान चलाया गया. जिला जनसंपर्क विभाग के सहयोग से डिवाइन संस्था की ओर से तेलीडीह मोड़ और बांधगोड़ा साइड में नुक्कड़ नाटक एवं गीतों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया गया.
फॉर्म समय पर भरकर जमा करने की अपील की
अभियान के दौरान संस्था के कलाकारों ने लोगों को एसआईआर अभियान के महत्व की जानकारी देते हुए इन्यूमरेशन फॉर्म समय पर भरकर जरूरी दस्तावेजों के साथ जमा करने की अपील की. कलाकारों ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने मतदान अधिकार से वंचित न रह जाए.
परेशानी होने पर बीएलओ से संपर्क करें
नुक्कड़ नाटक के जरिए मतदाताओं को बताया गया कि फॉर्म भरने में किसी तरह की परेशानी या गलती होने पर वे अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क करें. बीएलओ मतदाताओं को सही तरीके से फॉर्म भरने और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने में मदद करेंगे.
समस्याओं के समाधान की जानकारी दी गई
अभियान के दौरान कई मतदाताओं ने अपने फॉर्म से जुड़ी समस्याओं के समाधान की जानकारी ली. कलाकारों ने उन्हें फॉर्म भरने की प्रक्रिया और जरूरी सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया. डिवाइन संस्था के सचिव हलधर महतो ने कहा कि एसआईआर अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचना जरूरी है. उन्होंने कहा कि बीएलओ के साथ-साथ आम नागरिकों,जनप्रतिनिधियों और जागरूक लोगों के सहयोग से ही अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाया जा सकता है. मौके पर जिला जनसंपर्क विभाग के सतीश कुमार, मनोज हेंब्रम सहित डिवाइन संस्था के संजय वर्मा, कुलदीप महतो, रामकिसुन महतो, रामेश्वर करमाली, शेखर, नीरू देवी, कविता देवी, पविता देवी, रूपा देवी सहित अन्य कलाकार मौजूद रहे.
READ ALSO: तीन दिवसीय सिंहभूम दौरे पर रहेंगे नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी
