Ranchi/ Ramgarh: रविवार का दिन झारखंड के दो सबसे पसंदीदा पर्यटन स्थलों पर मातम लेकर आया. रामगढ़ जिले के पतरातू डैम और रांची के अनगड़ा स्थित गेतलसूद डैम में नहाने और घूमने के दौरान दो बड़े हादसे हो गए. इन हादसों में एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. पतरातू डैम में जहां स्थानीय नाविकों की सूझबूझ से दो युवकों की जान बचा ली गईं, वहीं गेतलसूद डैम में देर शाम हुए हादसे के बाद से अफरा-तफरी का माहौल है.
पतरातू डैम में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबा छात्र
पतरातू डैम घूमने आए चार दोस्तों की खुशियां रविवार को उस समय चीख-पुकार में बदल गईं, जब डैम में नहाने के दौरान 22 वर्षीय युवक अश्विनी कुमार की डूबने से मौत हो गई. मृतक मूल रूप से गिरिडीह का रहने वाला था और रांची में रहकर पढ़ाई कर रहा था.
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, अश्विनी कुमार अपने साथी संदीप कुमार, शहबाज और आदिति के साथ रांची के कांटाटोली से पतरातू डैम घूमने आया था. चारों घूमते हुए कटूआ कोचा स्थित नाव घाट पहुंचे, जहां उन्होंने डैम के पानी में नहाने का मन बनाया. इसी क्रम में पानी में उतरे युवक गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाए और गहरे पानी में जाकर डूबने लगे. युवकों को डूबता देख वहां मौजूद स्थानीय नाविकों ने अदम्य साहस और तत्परता का परिचय दिया. नाविकों ने तुरंत पानी में छलांग लगाई और दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हालांकि, इस दौरान अश्विनी कुमार का कुछ पता नहीं चल सका. नाविकों ने हार नहीं मानी और करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद अश्विनी को गहरे पानी से ढूंढ निकाला. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तुरंत प्रखंड चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
गेतलसूद डैम में रोज आइलैंड में संतुलन बिगड़ने से डूबा बरियातू का युवक
दूसरी तरफ, रांची का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गेतलसूद डैम भी रविवार की शाम एक दर्दनाक हादसे का गवाह बना. डैम के ‘रोज आइलैंड’ में घूमने आया रांची के बरियातू निवासी युवक अर्शलान खान अचानक गहरे पानी में समा गया, जिसका अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार शाम करीब 6:15 बजे अर्शलान खान रोज आइलैंड के समीप पानी के किनारे खड़ा था. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया या संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह सीधे गहरे पानी में चला गया. वहां मौजूद अन्य पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की अथाह गहराई होने के कारण वह तेजी से नीचे समा गया और आंखों से ओझल हो गया. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
सूचना मिलते ही सिकिदिरी थाना पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई. डैम परिसर में स्थानीय ग्रामीणों और पर्यटकों की भारी भीड़ जमा है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. देर शाम और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन प्रशासन और गोताखोरों द्वारा युवक की तलाश में युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
