लोहरदगा: उपायुक्त ने की SIR-2026 की समीक्षा, डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश

Lohardaga: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने आज गूगल मीट के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य से जुड़े जिले...

Lohardaga
गूगल मीट के जरिए पदाधिकारियों के साथ बैठक करते उपायुक्त

Lohardaga: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने आज गूगल मीट के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य से जुड़े जिले के वरीय पदाधिकारियों, ईआरओ (ERO), एईआरओ (AERO), बीएलओ (BLO) सुपरवाइजर एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में उपायुक्त ने प्रखंडवार गणना प्रपत्र के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा करते हुए सभी AERO को गणना प्रपत्र के संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा इसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाना है.

डिजिटाइजेशन कार्य समय पर पूर्ण किया जाना आवश्यक- उपायुक्त 

उपायुक्त ने कहा कि डिजिटाइजेशन कार्य समय पर पूर्ण किया जाना आवश्यक है, क्योंकि 5 अगस्त 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाना है. उन्होंने सभी बीएलओ सुपरवाइजर को प्रतिदिन के डिजिटाइजेशन कार्य में गति लाने तथा यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे. इस दौरान उपायुक्त ने नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी को भी नगर परिषद क्षेत्र में गणना प्रपत्र के संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.

साथ ही बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी-सह-ईआरओ को सभी राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट-1 (बीएलए-1) के साथ बैठक आयोजित कर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के संबंध में जानकारी साझा करने तथा आम नागरिकों को जागरूक एवं मोबिलाइज करने के लिए आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया गया.

डिजिटाइजेशन का कार्य जल्द शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश

समीक्षा में पाया गया कि शाम 6 बजे तक 97.55 प्रतिशत गणना प्रपत्र का वितरण कर दिया गया है. वहीं 46.48 प्रतिशत गणना प्रपत्रों को डिजिटाइज किया जा चुका है. उपायुक्त ने भरे हुए गणना प्रपत्र का जल्द से जल्द संग्रहण कर उसका शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

बैठक में ये रहे उपस्थित 

बैठक में पीडी आईटीडीए-सह-नोडल पदाधिकारी (निर्वाचन) सुषमा नीलम सोरेंग, उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार, सभी संबंधित प्रखंडों के लिए प्रतिनियुक्त जिले के वरीय पदाधिकारी, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचल अधिकारी-सह-एईआरओ, नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें: तीन दिवसीय सिंहभूम दौरे पर रहेंगे नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *