Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम के क्रिकेट प्रेमियों और खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है. जिले में पहली बार आईपीएल और झारखंड T-20 लीग की तर्ज पर पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग का आयोजन किया जाएगा. जिला क्रिकेट संघ की प्रबंधन समिति ने रविवार को हुई बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी. प्रतियोगिता सितंबर के तीसरे सप्ताह में आयोजित होगी.बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम स्थित एस.आर. रुंगटा पैवेलियन में आयोजित प्रबंधन समिति की चौथी बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा ने की. बैठक में लीग के आयोजन को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए.
6 फ्रेंचाइजी टीमें लेंगी हिस्सा
जिला क्रिकेट संघ के अनुसार, टी-20 लीग में कुल छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी. प्रतियोगिता के आयोजन के लिए जल्द ही स्टेक स्पोर्ट्स जी के साथ करार किया जाएगा. बैठक में कंपनी के प्रतिनिधियों ने लीग की रूपरेखा और आयोजन से जुड़ा प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया.
10 दिनों में होंगे 18 मुकाबले
संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता 10 दिनों तक चलेगी और इसमें कुल 18 मैच खेले जाएंगे. लीग का आयोजन ओपन लीग फॉर्मेट में होगा, जिसमें सभी टीमें एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला करेंगी. 15 लीग मैचों के बाद अंक तालिका की शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी.
स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में केवल पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ से पंजीकृत खिलाड़ी ही हिस्सा ले सकेंगे. साथ ही झारखंड के कुछ नामी क्रिकेटरों को आइकॉनिक खिलाड़ी के रूप में आमंत्रित किया जाएगा, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने और सीखने का अवसर मिल सके.
खिलाड़ियों की होगी नीलामी
संघ ने बताया कि छह फ्रेंचाइजी टीमों की बिडिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद खिलाड़ियों की नीलामी कराई जाएगी. इस ऑक्शन का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा. आयोजन से जुड़ी एजेंसी के साथ करार होने के बाद प्रतियोगिता की तारीख, टीमों, खिलाड़ियों की नीलामी और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी.बैठक में लीग को सफल बनाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई और सभी तैयारियां तय समय-सीमा के भीतर पूरी करने का निर्णय लिया गया.
