Simdega: डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, सिमडेगा की फुटबॉल टीम ने प्रमंडल स्तरीय 65वीं सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है. टीम के कप्तान निखिल महतो ने बताया कि लीग चरण में टीम शीर्ष स्थान पर रही. इसके बाद सेमीफाइनल मुकाबले में रांची की टीम को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया. फाइनल मुकाबला सेंट पैट्रिक हाई स्कूल, गुमला के साथ खेला गया, जिसमें सिमडेगा की टीम ने 2-1 से जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया.
कोच और खिलाड़ियों का रहा अहम योगदान
प्रतियोगिता के दौरान टीम के साथ कोच के रूप में अंजलूस तिर्की तथा टीम मैनेजर के रूप में समीर प्रभात बाड़ा मौजूद रहे. विजेता टीम में अनीश कुजूर, विजय मुर्मू, सुंदर मुंडा, प्रेमचंद कुमार महतो, अजय उरांव, शुभम कुमार, शंकर मुर्मू, विकास मुर्मू, अमन तिग्गा, अब्राहम नाग, अनिकेत उरांव, जय कुमार राम, विक्की उरांव, सत्यम महतो और राजन नायक शामिल थे.
Also Read: तुपुदाना में दो नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, आधा दर्जन आरोपी गिरफ्तार, सिटी एसपी कर रहे हैं जांच
प्रधानाध्यापक ने दी बधाई
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अब्राहम केरकेट्टा ने इस उपलब्धि पर सभी खिलाड़ियों, कोच एवं टीम मैनेजर को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और टीम भावना का परिणाम है. उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और सिमडेगा जिले का नाम रोशन करेगी.
