Newswave Desk: BSNL ने भारत में अपना नया सैटेलाइट फोन लॉन्च किया है, जिसकी कीमत 1,34,166 रुपये रखी गई है. यह कीमत आईफोन 17 प्रो जैसे प्रीमियम स्मार्टफोन के बराबर या उससे भी अधिक है. हालांकि, यह फोन आम उपभोक्ताओं के लिए नहीं, बल्कि ऐसे लोगों और संस्थाओं के लिए बनाया गया है, जिन्हें मोबाइल नेटवर्क न होने पर भी हर हाल में संपर्क बनाए रखना होता है.
आखिर इतना महंगा क्यों है यह फोन?
इस फोन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह मोबाइल टावर पर नहीं, बल्कि सीधे सैटेलाइट के जरिए काम करता है. इसके लिए विशेष एंटीना, सैटेलाइट संचार हार्डवेयर और महंगी तकनीक का इस्तेमाल किया गया है. यही कारण है कि इसकी कीमत सामान्य स्मार्टफोन से कहीं अधिक है.
इन लोगों के लिए है खास
BSNL का यह सैटेलाइट फोन रक्षा बलों, आपदा प्रबंधन एजेंसियों, समुद्री क्षेत्र में काम करने वालों, पर्वतारोहियों, वन विभाग, खनन कंपनियों और दूरदराज के इलाकों में कार्यरत लोगों के लिए तैयार किया गया है. जहां मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह खत्म हो जाता है, वहां भी यह फोन कॉल और एसएमएस की सुविधा देता है.
स्मार्टफोन जैसे फीचर नहीं
इस फोन में न हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा है, न सोशल मीडिया ऐप्स और न ही मनोरंजन के फीचर. इसका मुख्य उद्देश्य केवल भरोसेमंद संचार उपलब्ध कराना है. इसमें लंबी बैटरी लाइफ, मजबूत बॉडी, एसओएस सुविधा और सैटेलाइट आधारित कॉलिंग जैसी सुविधाएं दी गई हैं.
खरीदने के लिए सरकार की मंजूरी जरूरी
भारत में सैटेलाइट फोन का उपयोग पूरी तरह नियंत्रित है. इसे खरीदने और इस्तेमाल करने के लिए दूरसंचार विभाग (डीओटी) की अनुमति आवश्यक होती है. बिना अनुमति सैटेलाइट फोन का इस्तेमाल करने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है.

कॉल करना भी है महंगा
सैटेलाइट नेटवर्क के कारण इस फोन की सेवा भी सामान्य मोबाइल सेवाओं की तुलना में काफी महंगी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इससे कॉल करने का शुल्क लगभग 18 रुपये प्रति मिनट तक हो सकता है. इसके अलावा मासिक और वार्षिक सेवा योजनाएं भी सामान्य मोबाइल प्लान की तुलना में अधिक महंगी हैं.
ALSO READ : ‘धुरंधर’ फेम सिंगर जैस्मिन सैंडलस ने की सगाई, दिल्ली कॉन्सर्ट में फैंस को दिया सरप्राइज
