Koderma: कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र अंतर्गत कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर नेरूपहाड़ी के पास सोमवार को एक अज्ञात मवेशी का शव सड़क पर पड़ा मिला. सड़क पर शव पड़े होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा और दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी.
मौके पर पहुंचे गौ रक्षक दल के सदस्य
राहगीरों ने इसकी सूचना एक युवक के माध्यम से गौ रक्षक व्हाट्सएप ग्रुप पर दी. जानकारी मिलते ही गौ रक्षक दल के सदस्य मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
जेसीबी की मदद से हटाकर किया गया दफन
गौ रक्षक दल के सदस्यों ने जेसीबी की मदद से मवेशी के शव को सड़क से हटाया और समुचित तरीके से दफनाकर अंतिम संस्कार किया. इस पहल से सड़क पर बनी दुर्घटना की संभावना को भी दूर किया गया.
आवारा मवेशियों को सड़क पर नहीं छोड़ने की अपील
गौ रक्षक दल के सदस्यों ने लोगों से अपील की कि अपने बेजुबान पशुओं को सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर न छोड़ें.उन्होंने कहा कि आवारा मवेशियों के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई लोगों की जान भी जा चुकी है.
लावारिस पशुओं को छोड़ना सामाजिक रूप से गलत
दल के सदस्यों ने चिंता जताई कि कुछ लोग बीमार या मृत मवेशियों को लावारिस छोड़ देते हैं. यह न केवल यातायात के लिए खतरा है, बल्कि सामाजिक और नैतिक दृष्टिकोण से भी गलत है.उन्होंने इस तरह की प्रवृत्ति पर रोक लगाने की जरूरत बताई.

प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग
गौ रक्षक दल के सदस्यों ने प्रशासन से मांग की कि आवारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और पशु मालिकों पर निगरानी रखी जाए.मौके पर गौ रक्षक दल के अनिल पंडित, नितेश कुमार, रंजीत कुमार, पृथ्वी कुमार, अजय दास, प्रिंस कुमार, सत्यम कुमार सहित कई सदस्य मौजूद थे.
