Koderma: जिले के झुमरी तिलैया नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 26, वैशाली प्रेस गली में इन दिनों साफ-सफाई की व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। स्थानीय निवासियों का जीना मुहाल हो चुका है और कचरे के अंबार ने नगर परिषद के दावों की पोल खोलकर रख दी है.
गंदगी के बीच रहने को मजबूर लोग
इस वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि वार्ड की नालियां किस कदर गंदगी और कचरे से ऊपर तक भरी हुई हैं. पानी की निकासी पूरी तरह बंद हो चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सामान्य दिनों में जब यह हाल है, तो आने वाले मानसून और भारी बारिश के दौरान स्थिति कितनी भयावह होगी, इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है.
डेंगू-मलेरिया फैलने का बढ़ा खतरा
नालियों में जमा इस सड़ते हुए कचरे के कारण पूरे इलाके में दुर्गंध फैली हुई है. स्थानीय स्तर पर अब डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी जानलेवा बीमारियों के फैलने का खतरा तेजी से बढ़ रहा है. अगर समय रहते नगर परिषद ने इस पर ध्यान नहीं दिया, तो वार्ड नंबर 26, वैशाली प्रेस गली में स्वास्थ्य आपातकाल जैसे हालात पैदा हो सकते हैं.
स्थानीय लोगों ने की कार्रवाई की मांग
वार्डवासियों ने झुमरी तिलैया नगर परिषद के अधिकारियों से इस गंभीर समस्या पर तुरंत संज्ञान लेने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जल्द से जल्द नालियों की मुकम्मल सफाई कराई जाए और फॉगिंग मशीन का छिड़काव हो, ताकि जनता को इस नारकीय स्थिति और बीमारियों के डर से निजात मिल सके.
