पलामू: कोरोना में पिता खोया, मां भी चली गईं; चार अनाथ बच्चों की पुकार पर DC ने बढ़ाया मदद का हाथ

Palamu: सोशल मीडिया पर चार अनाथ बच्चों की दर्दभरी कहानी सामने आने के बाद पलामू जिला प्रशासन ने संवेदनशील पहल की है....

Palamu
सोशल मीडिया पर अनाथ बच्चों की पुकार

Palamu: सोशल मीडिया पर चार अनाथ बच्चों की दर्दभरी कहानी सामने आने के बाद पलामू जिला प्रशासन ने संवेदनशील पहल की है. हुसैनाबाद प्रखंड के बरडीहा गांव के इन बच्चों की स्थिति को देखते हुए उपायुक्त दिलीप सिंह शेखावत ने तत्काल संज्ञान लिया और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है.मामला तब सामने आया जब समाजसेवी सतीश शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बच्चों की दयनीय स्थिति साझा की. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पलामू उपायुक्त समेत अन्य अधिकारियों को टैग कर बच्चों के लिए सरकारी सहायता की मांग की थी. पोस्ट पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए.

कोरोना में पिता का निधन, अब मां का भी छूटा साथ

बरडीहा गांव निवासी चांदनी कुमारी (17), नंदनी कुमारी (15), शिवानी कुमारी (7) और शिवम कुमार (5) के पिता श्रीवास्तव राम का निधन कोरोना काल के दौरान हो गया था. पिता की मौत के बाद मां कौशल्या देवी मजदूरी कर किसी तरह चारों बच्चों की परवरिश कर रही थीं. लेकिन 26 जून 2026 को मां के आकस्मिक निधन के बाद चारों बच्चे पूरी तरह अनाथ हो गए. फिलहाल सभी बच्चे हुसैनाबाद प्रखंड के खरारपर गांव में अपने मौसा के घर रह रहे हैं.

सरकारी योजनाओं से भी दूर हैं बच्चे

स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार के राशन कार्ड में माता-पिता और बड़ी बेटी का ही नाम दर्ज था. माता-पिता के निधन के बाद राशन और अन्य सरकारी सुविधाओं को लेकर बच्चों के सामने संकट खड़ा हो गया है. वहीं, तीन बच्चों का नाम अब तक राशन कार्ड में शामिल नहीं हो पाया है. इसके अलावा उन्हें अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल सका है.

DC ने कहा- बच्चे अकेले नहीं हैं, प्रशासन साथ है

मामले की जानकारी मिलने के बाद उपायुक्त दिलीप सिंह शेखावत ने सोशल मीडिया पर जवाब देते हुए कहा कि बच्चे अकेले नहीं हैं और जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ा है. उन्होंने अधिकारियों को बच्चों से मिलकर उनकी जरूरतों के अनुसार सरकारी योजनाओं और जरूरी सहायता का लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उपायुक्त की पहल के बाद समाजसेवी सतीश शर्मा ने जिला प्रशासन का आभार जताया है. उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही बच्चों को राशन, शिक्षा और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा, जिससे उनका भविष्य बेहतर हो सकेगा.
ALSO READ : कोडरमा: कचरे से पटीं नालियां, बारिश से पहले वार्ड नंबर 26 में बीमारी का खतरा गहराया

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *