पलामू: हरिहर चौक सड़क मरम्मत,नगर पंचायत अध्यक्ष ने SDM को लिखा पत्र

Palamu: जपला से दंगवार जाने वाले मुख्य मार्ग पर हरिहर चौक ओवरब्रिज के नीचे क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत को लेकर हुसैनाबाद नगर...

पलामू
नगर पंचायत अध्यक्ष ने SDM को लिखा पत्र

Palamu: जपला से दंगवार जाने वाले मुख्य मार्ग पर हरिहर चौक ओवरब्रिज के नीचे क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत को लेकर हुसैनाबाद नगर पंचायत ने प्रशासन से 14 जुलाई से 17 जुलाई तक रूट डायवर्जन की व्यवस्था करने की मांग की है. इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती ने सोमवार को अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) हुसैनाबाद को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है.

बड़े गड्ढे से बढ़ी परेशानी, दुर्घटना का खतरा

पत्र में बताया गया है कि हरिहर चौक ओवरब्रिज के नीचे सड़क पर बड़ा गड्ढा बनने के कारण आम लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. इस मार्ग से लगातार भारी वाहनों के गुजरने के कारण धूल का गुबार उड़ता है, जिससे राहगीरों और आसपास के लोगों को परेशानी होती है. वहीं सड़क की खराब स्थिति के चलते दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी हुई है.

14 जुलाई से शुरू होगा मरम्मत कार्य

नगर पंचायत अध्यक्ष ने पत्र में उल्लेख किया है कि सड़क निर्माण विभाग (RCD) के साथ समन्वय स्थापित कर 14 जुलाई 2026 से सड़क मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा. मरम्मत कार्य को सुरक्षित, सुचारू और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए 14 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक जपला-दंगवार मुख्य मार्ग पर वाहनों के आवागमन को अस्थायी रूप से बंद करने या वैकल्पिक मार्ग (रूट डायवर्जन) की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया है.

ALSO READ: उच्च शिक्षा की समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने राज्यपाल से की हस्तक्षेप की मांग

समय पर कार्य पूरा करने के लिए प्रशासन से सहयोग की अपील

पत्र में कहा गया है कि यदि रूट डायवर्जन की व्यवस्था कर दी जाती है तो मरम्मत कार्य बिना किसी बाधा के निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जा सकेगा. नगर पंचायत अध्यक्ष ने इस पत्र की प्रतिलिपि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), पलामू के उप विकास आयुक्त (DDC) तथा उपायुक्त (DC) को भी भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *