Saraikela: समाहरणालय सभागार में आज उपायुक्त -सह- जिला दण्डाधिकारी श्री नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन अंतर्गत संचालित विभिन्न ग्रामीण पेयजलापूर्ति योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, सरायकेला, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता तथा संबंधित योजनाओं के संवेदक उपस्थित रहे. बैठक में जल जीवन मिशन अंतर्गत संचालित योजनाओं की अद्यतन प्रगति, कार्य निष्पादन की स्थिति एवं योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की योजनावार समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं संवेदकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करने का निर्देश देते हुए कहा कि जल जीवन मिशन राज्य एवं केंद्र सरकार की प्राथमिकता वाली महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी.
संबंधित संवेदकों से विलंब के कारणों की जानकारी प्राप्त की गई
समीक्षा के क्रम में जिन योजनाओं की प्रगति अपेक्षित नहीं पाई गई, उनके संबंध में संबंधित संवेदकों से विलंब के कारणों की जानकारी प्राप्त की गई. साथ ही प्रत्येक संवेदक से शेष कार्य पूर्ण करने हेतु आवश्यक समय-सीमा की जानकारी ली गई. संवेदकों द्वारा उपलब्ध कराई गई समय-सीमा के आधार पर कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, सरायकेला को सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने, कार्यों की सतत समीक्षा करने तथा योजनावार प्रगति प्रतिवेदन नियमित रूप से जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.
कपाली क्षेत्र में राज्य योजना अंतर्गत संचालित पेयजलापूर्ति योजना की प्रगति की समीक्षा की गई
उपायुक्त ने उन योजनाओं की भी समीक्षा की, जिनकी प्रगति विभिन्न विभागों के साथ अपेक्षित समन्वय अथवा प्रक्रियागत औपचारिकताओं के कारण प्रभावित है. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि संबंधित विभागों के साथ नियमित समन्वय स्थापित करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि योजनाओं के निर्माण कार्य में अपेक्षित गति लाई जा सके तथा उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जा सके.बैठक के दौरान कपाली क्षेत्र में राज्य योजना अंतर्गत संचालित पेयजलापूर्ति योजना की प्रगति की समीक्षा की गई. योजना के कार्य की धीमी प्रगति पर उपायुक्त ने असंतोष व्यक्त करते हुए कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, सरायकेला को संबंधित संवेदक के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य में अपेक्षित गति लाने तथा एक माह के भीतर कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि में कार्य पूर्ण नहीं होने की स्थिति में संबंधित संवेदक के विरुद्ध संविदा की शर्तों एवं प्रचलित नियमों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
उपायुक्त ने कहा कि सभी पदाधिकारी योजनाओं की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करें
उपायुक्त ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार को कार्यशील घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से सुरक्षित, स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करना है. यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने, जनस्वास्थ्य में सुधार लाने तथा नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों, अभियंताओं एवं संवेदकों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया.उपायुक्त ने कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कार्यदायी एजेंसियां योजनाओं की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करें, ताकि जल जीवन मिशन के उद्देश्यों के अनुरूप जिले के प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार को समयबद्ध रूप से सुरक्षित पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जा सके.
ALSO READ : 26 जुलाई से 16 अगस्त तक बिरसा मुंडा स्टेडियम में होंगे डूरंड कप के मुकाबले, 18 जुलाई को निकलेगा ट्रॉफी टूर
