Ranchi: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत रांची जिले में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाने का काम जारी है. इस बीच DC मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि जब बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) उनके घर आएं तो उन्हें वापस न लौटाएं और फॉर्म भरने में पूरा सहयोग करें.
सही जानकारी भरना बेहद जरूरी
DC ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और विश्वसनीय बनाने के लिए एन्यूमरेशन फॉर्म में सही और पूरी जानकारी देना आवश्यक है. यदि सभी विवरण सही तरीके से दर्ज किए जाएंगे, तो मतदाता का नाम बिना किसी परेशानी के मतदाता सूची में बना रहेगा.
नाम, पता और मोबाइल नंबर सहित सभी विवरण ध्यान से भरें
उन्होंने कहा कि फॉर्म भरते समय अपना नाम, पिता या पति का नाम, आयु, पूरा पता, मोबाइल नंबर और अन्य आवश्यक जानकारियां सावधानीपूर्वक दर्ज करें. फॉर्म जमा करने से पहले एक बार सभी विवरणों की अच्छी तरह जांच भी जरूर कर लें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न रह जाए.
गलत या अधूरी जानकारी से हो सकती है परेशानी
DC ने बताया कि यदि फॉर्म में गलत, अधूरी या भ्रामक जानकारी दी जाती है, तो भविष्य में मतदान के दौरान समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है. इसलिए सभी मतदाता इस प्रक्रिया को गंभीरता से लें और BLO को आवश्यक सहयोग प्रदान करें.
कोई भी पात्र मतदाता न रहे वंचित
DC ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे. साथ ही जिले की मतदाता सूची पूरी तरह स्वच्छ, सटीक और भरोसेमंद बने. उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया से भी इस जनजागरूकता अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की.
