Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के शिक्षा परिदृश्य को नई दिशा देते हुए स्पष्ट किया है कि राज्य का प्रत्येक युवा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसरों का हकदार है. मुख्यमंत्री ने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के साथ समीक्षा बैठक करते हुए अधिकारियों को शिक्षा व्यवस्था को धरातल पर और अधिक सशक्त बनाने के कड़े निर्देश दिए हैं.
गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना’ को सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी पहल बताते हुए कहा कि इसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना चाहिए. आवेदन प्रक्रिया को इतना सहज बनाया जाए कि छात्र बिना किसी तकनीकी बाधा के इसका लाभ उठा सकें. ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के छात्रों को योजना के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए. उच्च शिक्षा के सपनों को पूरा करने में आर्थिक तंगी बाधा न बने, इसके लिए बैंकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए.
तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास
मुख्यमंत्री ने तकनीकी शिक्षा को आधुनिक बनाने पर बल देते हुए कहा कि केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि युवाओं को बाजार की मांग के अनुरूप स्किल-आधारित शिक्षा मिलनी चाहिए.उन्होंने उच्च शिक्षण संस्थानों में ढांचागत सुधार और शिक्षकों की रिक्तियों को प्राथमिकता के आधार पर भरने के निर्देश दिया. कहा कि हर युवा को शिक्षा का समान अवसर मिले और वे सशक्त होकर राज्य के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, यही हमारी सरकार का मूल संकल्प है.
AlsoRead:भाजपा पहले मोमेंटम झारखंड का हिसाब दे, फिर निवेश पर सवाल उठाए: राकेश सिन्हा
