हजारीबाग: 65वीं सुब्रतो मुखर्जी प्रमंडल स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

Hazaribagh: झारखंड शिक्षा परियोजना, हजारीबाग के तत्वावधान में आयोजित 65वीं सुब्रतो मुखर्जी प्रमंडल स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ....

Football Tournament
फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ

Hazaribagh: झारखंड शिक्षा परियोजना, हजारीबाग के तत्वावधान में आयोजित 65वीं सुब्रतो मुखर्जी प्रमंडल स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ. उद्घाटन समारोह में उप विकास आयुक्त रिया सिंह ने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन एवं टीम भावना के साथ खेलने का आह्वान किया. इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम कुमारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक आकाश कुमार सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे.

प्रतियोगिता में कई जिलों की टीमें ले रही भाग 

प्रतियोगिता में उत्तर छोटानागपुर प्रमंडल के हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो एवं रामगढ़ जिलों की टीमें भाग ले रही हैं. अंडर-17 बालिका वर्ग के मुकाबले न्यू स्टेडियम तथा अंडर-17 एवं अंडर-15 बालक वर्ग के मुकाबले ऐतिहासिक कर्जन ग्राउंड में खेले गए.

अंडर-17 बालक वर्ग में इनके बीच हुआ मुकाबला 

अंडर-17 बालक वर्ग के पहले दौर में चतरा ने बोकारो को सडन डेथ में हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया. दूसरे मुकाबले में गिरिडीह ने कोडरमा को 2-1 से पराजित किया, जबकि तीसरे मुकाबले में हजारीबाग ने रामगढ़ को 2-0 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई. धनबाद की टीम को पहले दौर में बाई मिला.

पहले सेमीफाइनल में चतरा और धनबाद के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसमें चतरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए धनबाद को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया. दूसरे सेमीफाइनल में गिरिडीह ने मेजबान हजारीबाग को पेनल्टी शूटआउट में 5-4 से हराकर फाइनल का टिकट पक्का किया. अब इस वर्ग का खिताबी मुकाबला चतरा और गिरिडीह के बीच खेला जाएगा.

अंडर-15 बालक वर्ग में इनके बीच हुआ मुकाबला 

अंडर-15 बालक वर्ग के पहले दौर में रामगढ़ ने कोडरमा को 7-0 से पराजित किया. दूसरे मुकाबले में हजारीबाग ने बोकारो को 5-0 से हराया, जबकि गिरिडीह ने चतरा को पेनल्टी शूटआउट में 5-3 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया. धनबाद की टीम को पहले दौर में बाई मिला. सेमीफाइनल में रामगढ़ ने धनबाद तथा हजारीबाग ने गिरिडीह को हराकर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की. अब इस वर्ग का खिताबी मुकाबला रामगढ़ और हजारीबाग के बीच खेला जाएगा.

अंडर-17 बालिका वर्ग में इनके बीच हुआ मुकाबला 

अंडर-17 बालिका वर्ग के पहले दौर में बोकारो ने गिरिडीह को 3-0 से, रामगढ़ ने धनबाद को 2-0 से तथा चतरा ने कोडरमा को 3-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया. पहले सेमीफाइनल में मेजबान हजारीबाग ने शानदार आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए बोकारो को 6-0 से करारी शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया. दूसरे सेमीफाइनल में चतरा ने रामगढ़ 7-1 गोल से हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई. अब बालिका वर्ग का खिताबी मुकाबला हजारीबाग और चतरा के बीच खेला जाएगा.

फाइनल व तीसरे स्थान के मुकाबले मंगलवार को खेले जाएंगे 

दिनभर चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना एवं उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय दिया. बड़ी संख्या में उपस्थित दर्शकों ने रोमांचक मुकाबलों का भरपूर आनंद लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. प्रतियोगिता के तीनों वर्गों के फाइनल एवं तीसरे स्थान के मुकाबले मंगलवार को हजारीबाग के ऐतिहासिक कर्जन ग्राउंड में खेले जाएंगे, जहां प्रमंडल चैंपियन बनने के लिए टीमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगी.

प्रतियोगिता के सफल आयोजन एवं संचालन में इनका रहा योगदान 

प्रतियोगिता के सफल आयोजन एवं संचालन में राज्य स्तर से प्रत्योनियोजित शिक्षकों के साथ मधुसूदन कुमार सिंह, सुनील यादव, अनूप मेहता, मोहन रविदास, पवन कुमार, अभिनाश श्रीवास्तव, अभिनव गुप्ता, कुंवर कुमार, सागर कुमार, गोपाल राम, राहुल कुमार, उपेंद्र कुमार अग्रवाल, अमित कुमार, पंकज कुमार, किरण कुमारी, संजू कुमारी, चांदनी वर्मा, मनीष कुमार, विजय दास, प्रमोद दास, अनिल दास एवं मृत्युंजय कुमार का उल्लेखनीय योगदान रहा. आयोजन समिति ने सभी शिक्षकों, निर्णायकों एवं सहयोगी कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया.

यह भी पढ़ें: गुमला: मानसिक रूप से परेशान युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *