Ranchi: बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (BIT), मेसरा 15 जुलाई को अपना 72वां स्थापना दिवस मनाने जा रहा है. यह अवसर शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान, नवाचार और राष्ट्र-निर्माण की दिशा में संस्थान की गौरवशाली यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होगा. झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे. स्थापना दिवस समारोह से पूर्व, BIT मेसरा ने आगामी कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी साझा करने तथा संस्थान की समृद्ध विरासत, बढ़ती वैश्विक पूर्व छात्र सहभागिता, शैक्षणिक सहयोग, अनुसंधान पहलों और परिसर के बुनियादी ढांचे में हुए हालिया विकास पर प्रकाश डालने के लिए लालपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रो. श्रद्धा शिवानी, डीन (एलुमनाई एवं अंतर्राष्ट्रीय संबंध), डॉ. विशाल एच. शाह, एसोसिएट डायरेक्टर (एलुमनाई रिलेशंस) दीपिका दीप, एसोसिएट डायरेक्टर, (प्लेसमेंट्स एवं आउटरीच) और डॉ. मृणाल पाठक, समन्वयक (मीडिया सेल), बीआईटी मेसरा ने प्रवक्ताओं के रूप में मीडिया को संबोधित किया.
विद्यार्थियों और अन्य हितधारकों का एक प्रतिष्ठित समागम होगा
स्थापना दिवस समारोह में विशिष्ट अतिथियों, पूर्व छात्रों, संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों और अन्य हितधारकों का एक प्रतिष्ठित समागम होगा. टेगा इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मदन मोहन मोहनका और IIT भुवनेश्वर के निदेशक प्रो. श्रीपद करमलकर विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगे. इस अवसर पर 1986, 1996 और 2001 बैच के पूर्व छात्रों का पुनर्मिलन भी आयोजित किया जाएगा, जो BIT के पूर्व छात्रों की विभिन्न पीढ़ियों को अपनी मातृसंस्था से पुनः जुड़ने और संस्थान की गौरवशाली विरासत का उत्सव मनाने के लिए एक मंच प्रदान करेगा. संस्थान के प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों को उनकी उपलब्धियों और योगदान के लिए विभिन्न पुरस्कार श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा. कई पुरस्कार विजेता अपना सम्मान प्राप्त करने के लिए समारोह में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहेंगे.
समारोह का एक अन्य प्रमुख आकर्षण रिसर्च
कोलोक्वियम का ग्रैंड फिनाले होगा, जहां चयनित प्रतिभागी विशिष्ट अतिथियों एवं गणमान्यजनों के समक्ष अपने शोध प्रस्तुत करेंगे और शीर्ष पुरस्कारों के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे. यह पहल अनुसंधान, अंतःविषय सहयोग और नवाचार की सुदृढ़ संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रति बीआईटी मेसरा की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है.
