Chatra: चतरा जिले के हंटरगंज अंचल अधिकारी के फर्जी हस्ताक्षर एवं सरकारी मोहर का कथित तौर पर इस्तेमाल करने के आरोप में भाजपा नेता सह पत्थर व्यवसायी श्रीनिवास को पुलिस ने गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. श्रीनिवास पर अंचल कार्यालय का फर्जी दस्तावेज हाइकोर्ट में प्रस्तुत करने से संबंधित FIR हंटरगंज थाना में दर्ज है. यह मामला अंचल निरीक्षक के आवेदन के आधार पर कांड संख्या 17/26 के तहत दर्ज किया गया है. हंटरगंज थाना पुलिस ने उन्हें इसी मामले में रांची से गिरफ्तार किया और चतरा न्यायालय में प्रस्तुत किया. न्यायालय के आदेश पर उन्हें मंडल कारा चतरा भेज दिया गया है. श्रीनिवास वर्तमान में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष के पद पर हैं. उनकी गिरफ्तारी के बाद जिले की राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. मामला इसलिए भी चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि बीते कुछ दिनों से श्रीनिवास लगातार जिले में कथित भ्रष्टाचार और अवैध खनन के खिलाफ खुलकर आवाज उठा रहे थे.
षडयंत्र के तहत उन्हें फंसाया गया, यह लोकतंत्र की हत्या
गिरफ्तारी के बाद मीडिया से बातचीत में श्रीनिवास ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा, कि उन्हें एक सोची-समझी साजिश के तहत फंसाया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार आवाज उठाने की वजह से उन्हें निशाना बनाया गया है. उन्होंने कहा कि उनकी गिरफ्तारी लोकतंत्र की हत्या है और सच्चाई सामने आने पर पूरा मामला स्पष्ट हो जाएगा.
भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष ने जिलाध्यक्ष प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर खड़ा किया गंभीर सवाल
श्रीनिवास की गिरफ्तारी के बाद जिले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. एक ओर पुलिस इसे कानूनी कार्रवाई बता रही है, वहीं दूसरी ओर श्रीनिवास और उनके समर्थक इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई करार दे रहे हैं. आने वाले दिनों में इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना है. इसी बीच चतरा पहुंचे भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष आजाद शत्रु ने भी जिलाध्यक्ष प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किये हैं. उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति लगातार क्षेत्र मे सामाजिक और राजनैतिक कार्यों मे सक्रिय है. उसे इस तरीके से किसी बड़े क्रिमिनल की तरह ट्रीट करना और गुपचुप तरिके से गिरफ्तार कर जेल भेजना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों मे इस गिरफ्तारी का असर प्रदेश भर मे देखने को मिलेगा.
हाल के दिनों में प्रशासन के खिलाफ मुखर होकर उठा रहे थे आवाज
पिछले कुछ माह से श्रीनिवास लगातार जिला प्रशासन और खनन विभाग पर गंभीर आरोप लगा रहे थे. हाल ही में आयोजित एक प्रेस वार्ता में उन्होंने जिला खनन पदाधिकारी पर फर्जी चालान के माध्यम से अवैध खनन कराने का आरोप लगाया था. उन्होंने यह भी दावा किया था कि अवैध खनन के पूरे नेटवर्क में वन विभाग की भी संलिप्तता है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
सड़क दुर्घटना में जवान की मौत के बाद सड़क जाम में लिया था बढ़ चढ़ कर हिस्सा
हाल ही में सड़क दुर्घटना में एक CRPF जवान की मौत के बाद भी श्रीनिवास प्रशासन के खिलाफ खुलकर सामने आए थे. उन्होंने दुर्घटना के लिए जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए चतरा जिले में कोयला परिवहन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की थी. इसके समर्थन में सड़क जाम और आंदोलन में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया था. लगातार प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने के कारण वह जिले की राजनीति और जनचर्चा के केंद्र में बने हुए थे. आंदोलन के दौरान उन्होंने जिले के अधिकारियों के विरुद्ध गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे.
यह भी पढ़ें: BIT मेसरा ने की 72वें स्थापना दिवस समारोह की घोषणा, राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में होंगे शामिल
