Palamu : सदर थाना क्षेत्र के रजवाडीह गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. मृतका की पहचान 25 वर्षीय मनीषा देवी के रूप में हुई है. घटना सोमवार रात की बताई जा रही है. सूचना मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. जानकारी के अनुसार, मनीषा देवी की शादी अप्रैल 2025 में रजवाडीह निवासी मिथलेश साव से हुई थी. शादी के लगभग एक वर्ष बाद ही उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका का करीब दो माह का एक मासूम बच्चा भी है. बताया जा रहा है कि पति मिथलेश साव रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर काम करता है और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं था.
ससुराल पक्ष पर लगाया आरोप
मृतका का मायका लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के पुरानी पतर गांव में है. घटना की सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे. परिजनों ने आरोप लगाया कि मनीषा आत्महत्या नहीं कर सकती थी, बल्कि उसकी हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया. उन्होंने इस मामले में मृतका के देवर, सास, ससुर और ननद पर हत्या में संलिप्त होने का आरोप लगाया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है.

पुलिस कर रही जांच
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच MMCH भेज दिया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
ALSO READ : झारखंड कैडर के IPS बने पुलिस अकादमी के ज्वाइंट डायरेक्टर, गृह मंत्रालय के प्रस्ताव पर लगी ACC की मुहर
