Hazaribagh : केरेडारी प्रखंड के पांडु स्थित केरेडारी कोल माइंस के क्रेशर में विस्थापित परिवारों और स्थानीय ग्रामीणों ने तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया. आंदोलन में बड़ी संख्या में विस्थापितों और स्थानीय युवाओं ने भाग लेते हुए रोजगार, न्याय, विकास और अपने अधिकारों की मांग बुलंद की. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनका आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि विस्थापितों और स्थानीय लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए है. उनका कहना था कि खनन परियोजना से सबसे अधिक प्रभावित होने के बावजूद स्थानीय लोगों को रोजगार और विकास का अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है.

प्रमुख मांगें, हक मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा
विस्थापित परिवारों को उनका उचित हक और सम्मान दिया जाए. स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता सुनिश्चित की जाए. परियोजना से होने वाले विकास का लाभ सबसे पहले प्रभावित गांवों तक पहुंचे. जिन विस्थापितों और प्रभावित लोगों को अब तक उनके अधिकार नहीं मिले हैं, उन्हें शीघ्र न्याय दिया जाए. आंदोलनकारियों ने कहा कि विस्थापितों और स्थानीय लोगों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है. जब तक सभी प्रभावित परिवारों को उनका अधिकार, सम्मान और रोजगार नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. प्रदर्शनकारियों ने कंपनी प्रबंधन और प्रशासन से वार्ता कर समस्याओं का शीघ्र समाधान निकालने की मांग की.
Also Read : पलामूवासियो को जाम से मिलेगी मुक्ति, कोयल नदी पर नए पुल का काम तेज लेकिन 33KV हाई टेंशन लाइन बनी बड़ी बाधा
