Chaiabasa: विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर मंगलवार को सदर अस्पताल स्थित नर्सिंग कौशल कॉलेज परिसर में जिला उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में परिवार स्वास्थ्य मेला-2026 का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य परिवार नियोजन, जनसंख्या स्थिरीकरण तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करना था. मेले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं और जनसंख्या स्थिरीकरण से संबंधित प्रदर्शनी एवं परामर्श केंद्र लगाए गए. लोगों को परिवार नियोजन के विभिन्न विकल्पों, बच्चों के बीच उचित अंतराल रखने तथा छोटे एवं स्वस्थ परिवार के लाभों की जानकारी दी गई.
जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि “बच्चों में हो सही अंतराल, तभी हो परिवार का कल्याण.” उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन अपनाने से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य बेहतर होता है और परिवार की आर्थिक व सामाजिक स्थिति भी मजबूत होती है. उन्होंने आमजन से उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने और परिवार नियोजन के प्रति जागरूक होने की अपील की. उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 की थीम “जब बच्चों में सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” है. इसी के तहत जिले में 11 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा मनाया जाएगा, जिसमें जागरूकता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, परामर्श सत्र और जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.
स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे
कार्यक्रम में सिविल सर्जन ने विश्व जनसंख्या दिवस के महत्व, बढ़ती जनसंख्या से उत्पन्न चुनौतियों और परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों की जानकारी दी. इस दौरान उपायुक्त ने फैमिली प्लानिंग एवं मिशन उदय 2.0 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग कौशल कॉलेज के प्राचार्य, छात्र-छात्राएं, एएनएम एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे.
AlsoRead:झारखंड के मशरूम : जंगलों की अनमोल सौगात से आधुनिक खेती तक, जानिए हर मशरूम की पूरी कहानी
