Ranchi : वर्ष 2023 में संसद से पारित महिला आरक्षण कानून को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर राष्ट्रीय महिला कांग्रेस ने संसद चलो अभियान की घोषणा की है. संसद चलो अभियान 21 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर में होगा. जहां महिला कांग्रेस की ओर से व्यापक स्तर पर प्रदर्शन किया जायेगा. इस प्रदर्शन में देशभर से महिलाओं को शामिल होने का आह्वान किया गया है. झारखंड से भी बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता और महिलाएं इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी. झारखंड महिला कांग्रेस की प्रभारी महासचिव सुधा प्रसाद ने कहा कि यह सिर्फ एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकारों के लिए एक आक्रामक आंदोलन होगा. उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का मुद्दा नया नहीं है. वर्ष 2010 में भी यह विधेयक पारित हुआ था और बाद में वर्ष 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के रूप में संसद से पारित किया गया, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया.
“परिसीमन के नाम पर कानून लागू करने में हो रही देरी”
सुधा प्रसाद ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण कानून को लागू करने के बजाय इसे परिसीमन से जोड़ रही है. उन्होंने कहा कि सरकार विशेष सत्र बुलाकर इसे लागू करने की बात कर रही है. जबकि इसे पहले ही लागू किया जाना चाहिए था. उनका दावा था कि परिसीमन का प्रभाव असम विधानसभा चुनाव में भी देखने को मिला.
SIR और लोकतंत्र पर भी उठाए सवाल
महिला कांग्रेस ने बिहार में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण SIR प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए. सुधा प्रसाद ने कहा कि SIR के माध्यम से मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे है और झारखंड में भी इस प्रक्रिया को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र कमजोर हो रहा है. उन्होंने जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे सोनम वांगचुक का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी मांगों की भी अनदेखी की जा रही है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है.
पोस्टकार्ड, मिस्ड कॉल और हस्ताक्षर अभियान को मिला समर्थन
महिला आरक्षण कानून लागू कराने के लिए महिला कांग्रेस की ओर से देशभर में पोस्टकार्ड, मिस्ड कॉल और हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है. सुधा प्रसाद ने दावा किया कि इस अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिला है. उन्होंने आरोप लगाया कि अभियान शुरू होने के बाद पोस्टकार्ड की उपलब्धता तक प्रभावित हुई. उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में हस्ताक्षर अभियान के समर्थन को भी प्रदर्शित किया जाएगा.
झारखंड से बड़ी भागीदारी का दावा
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रमा खलखो ने कहा कि 21 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में झारखंड से बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल होंगी. उन्होंने बताया कि राज्यभर में पोस्टकार्ड, मिस्ड कॉल और हस्ताक्षर अभियान चलाया गया. जिसे महिलाओं का व्यापक समर्थन मिला. अब महिला कांग्रेस इस आंदोलन को सफल बनाने की तैयारी में जुटी है.
ALSO READ : लालू प्रसाद यादव को राहत, सुप्रीम कोर्ट ने जमानत रद्द करने से किया इनकार
