Hazaribagh: बरही थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10,602 लीटर अंग्रेजी शराब की खेप जब्त की है. रसोईधमना के समीप गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में 1190 पेटी मैकडॉवेल्स नंबर-1 अंग्रेजी शराब, एक ट्रक और बिना नंबर की एक क्रेटा कार को जब्त किया गया. इस दौरान पुलिस ने मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. बरामद शराब की खेप बिहार भेजी जानी थी.
गुप्त सूचना पर गठित हुई संयुक्त टीम
पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्रक में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लोड कर बिहार ले जाने की तैयारी की जा रही है. सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में बरही और चौपारण थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई. टीम ने रसोईधमना के समीप घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की.
पुलिस को देखते ही भागने लगे तस्कर
छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही तस्करों में अफरा-तफरी मच गई और वे मौके से भागने का प्रयास करने लगे. हालांकि पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को खदेड़कर दबोच लिया. मौके से शराब से लदा ट्रक और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की क्रेटा कार भी जब्त कर ली गई.
1190 पेटी में मिली मैकडॉवेल्स नंबर-1 शराब
पुलिस की जांच में ट्रक संख्या एचपी-72 डी-7889 से मैकडॉवेल्स नंबर-1 अंग्रेजी शराब की कुल 1190 पेटी बरामद हुई. इनमें-750 एमएल की 299 पेटी (3588 बोतल), 350 एमएल की 592 पेटी (14,208 बोतल),180 एमएल की 299 पेटी (14,352 बोतल) बरामद शराब की कुल मात्रा लगभग 10,602 लीटर आंकी गई है, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है.
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें राकेश कुमार, पिता दयाशंकर मिश्रा, गया रोड, बरही (ट्रक चालक) विशेश्वर साव उर्फ गुलाब साव, पिता विशेश्वर साव, छोटकी बरही (क्रेटा चालक) सन्नी कुमार, पिता विनोद साव, पटना रोड, बरही से पूछताछ की जा रही है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और बिहार में किस गिरोह तक पहुंचाई जानी थी.
पूरे नेटवर्क की होगी जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है. इस धंधे में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
सुरक्षित रखी गई जब्त शराब, आगे की कार्रवाई जारी
बरही पुलिस ने जब्त शराब, ट्रक और क्रेटा कार को सुरक्षित कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
छापेमारी दल में ये अधिकारी रहे शामिल
इस सफल कार्रवाई में एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर, बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, पुलिस निरीक्षक नीतीश कुमार, बरही पुलिस निरीक्षक रंजीत भगत सहित सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल रहे.
शराब कारोबारियों में मचा हड़कंप
बरही पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है. पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
AlsoRead:DMFT फंड को लेकर बाबूलाल ने फिर सरकार पर साधा निशाना
