Bokaro: बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र अंतर्गत राजा बाजार क्षेत्र से डीवीसी आवासों के लोहे के गेट चुराकर फुसरो में बेचने वाले एक गिरोह के मंसूबों पर पानी फिर गया. डीवीसी भू-संपदा विभाग के पदाधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी की सामग्री ले जा रहे एक मालवाहक ऑटो को रंगे हाथ दबोच लिया. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि डीवीसी के जीएम (एचआर) एए कुजूर को एक गुप्त सूचना मिली थी कि राजा बाजार स्थित एक कबाड़ी वाले के घर से मालवाहक ऑटो में डीवीसी आवासों के चोरी किए गए लोहे के गेट लोड कर फुसरो ले जाया जा रहा है. जीएम एचआर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भू-संपदा पदाधिकारी सह वरीय प्रबंधक सुरजीत सरकार, ओएस अर्घा बसु सहित होमगार्ड के जवानों को मौके पर रवाना किया. भू-संपदा पदाधिकारी के नेतृत्व में कर्मियों एवं जवानों ने घेराबंदी कर मालवाहक ऑटो (नंबर-जेएच09एटी-4948) को धर दबोचा. तलाशी लेने पर ऑटो से डीवीसी आवासों के चार चोरी किए गए लोहे के गेट बरामद हुए. इसके बाद डीवीसी पदाधिकारियों व कर्मियों ने चोरी के सभी गेटों को ऑटो से उतरवाकर अपने कब्जे में ले लिया. वहीं, इस मामले में ऑटो चालक अशोक कुमार को कड़ी हिदायत और चेतावनी देकर छोड़ दिया गया. विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से कबाड़ और चोरी के धंधे में लिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुई है.
बोकारो: चोरी के लोहे के गेट के साथ ऑटो जब्त, DVC भू-संपदा विभाग ने की कार्रवाई
Bokaro: बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र अंतर्गत राजा बाजार क्षेत्र से डीवीसी आवासों के लोहे के गेट चुराकर फुसरो में बेचने वाले एक...
सम्बंधित ख़बरें
