Jamtara: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मंगलवार को नारायणपुर प्रखंड के सभी 145 मतदान केंद्रों पर BLO एवं BLO-2 के सहयोग से द्वितीय चुनाव पाठशाला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में स्वयंसेवकों, सामान्य मतदाताओं, समाजसेवियों तथा स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी रही.
प्रारूप ASDD सूची का सार्वजनिक रूप से किया गया वाचन
चुनाव पाठशाला के दौरान प्रारूप ASDD सूची का सार्वजनिक रूप से वाचन किया गया. साथ ही ऐसे मतदाताओं की सूची भी पढ़कर सुनाई गई, जिनकी मैपिंग अब तक नहीं हो सकी है. इस दौरान उपस्थित लोगों से अपील की गई, कि जिन मतदाताओं की मैपिंग संभव हो, उनकी पहचान कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके.
दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
नारायणपुर के अंचल अधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी देवराज गुप्ता ने मंझलाडीह, मदनाडीह, पबिया और धरमपुर के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चुनाव पाठशाला में भाग लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. वहीं धरमपुर स्थित एक मतदान केंद्र पर आयोजित चुनाव पाठशाला में ERO सह अनुमंडल पदाधिकारी भी शामिल हुए और मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित कर्मियों को आयोग के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
यह भी पढ़ें: रांची: जन शिकायत समाधान कार्यक्रम कल, SSP समेत सभी पुलिस अधिकारी सुनेंगे लोगों की समस्याएं
