Koderma: नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 की पार्षद रिया राज ने कोडरमा उपायुक्त (DC) को एक आवेदन सौंपकर अपने क्षेत्र की BLO लक्ष्मी देवी पर कार्यों में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है. वार्ड पार्षद ने उपायुक्त से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है.
‘घर बैठे काम करने’ और मतदाता पर्ची वितरण में लापरवाही का आरोप
उपायुक्त को दिए गए शिकायती पत्र में वार्ड पार्षद रिया राज ने बताया कि उनके वार्ड में कार्यरत BLO लक्ष्मी देवी अपने विभागीय दायित्वों का निर्वहन सही तरीके से नहीं कर रही हैं. आरोप है कि वह क्षेत्र के लोगों का काम करने के बजाय केवल अपने निजी कार्यों में व्यस्त रहती हैं. जब स्थानीय लोग या जनप्रतिनिधि उनसे काम को लेकर बात करते हैं, तो वे सही से जवाब देने के बजाय उल्टा-सीधा बोलना और दुर्व्यवहार करना शुरू कर देती हैं. शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि हालिया चुनाव के दौरान BLO द्वारा मतदाताओं को चुनाव पर्चियों का वितरण भी सही तरीके से नहीं किया गया. वार्ड पार्षद का दावा है कि मतदाताओं के घरों तक पर्चियां पहुंचाने के बजाय भारी मात्रा में बिना बंटी हुई चुनाव पर्चियां BLO के अपने ही घर में रखी रह गईं. उन्होंने इस बात की जांच कराने की भी मांग की है.
ALSO READ: गिरिडीह में देशी मशरूम बना जहर, एक ही परिवार के 10 लोग बीमार, सदर अस्पताल में इलाज जारी
उपायुक्त से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
पार्षद रिया राज ने उपायुक्त से आग्रह किया है कि वार्ड नंबर 10 के मतदाताओं की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और कर्तव्यहीन BLO के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में जनहित के कार्यों में बाधा न आए.
