Ranchi: सावन महीने में शिवभक्तों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं. आज महापौर रोशनी खलखो ने नामकुम स्थित स्वर्णरेखा घाट का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए. महापौर ने कहा कि सावन के दौरान नामकुम के स्वर्णरेखा घाट से जल लेकर पहाड़ी बाबा मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. ऐसे में उनकी सुविधा को देखते हुए घाटों की नियमित सफाई, पर्याप्त रोशनी, चेंजिंग रूम और पूरे पदयात्रा मार्ग को सजाने की व्यवस्था की जाए. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी तैयारियां समय पर पूरी हों, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े और वे सुरक्षित व सुविधाजनक तरीके से अपनी यात्रा पूरी कर सकें.
यह भी पढ़ें: माओवादियों ने फंड जुटाने के लिए पूरी तरह से अपनाया कॉरपोरेट स्टाइल, महाराष्ट्र में छिपा था जहानाबाद का माओवादी चंदन
स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का करें सहयोग: महापौर
महापौर ने आम लोगों से भी अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें और श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखें. निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद पवन तिर्की, मंडल अध्यक्ष अशोक गोप, धर्मेंद्र सिंह, धनंजय वर्मा, जुगनू साहू, गोपाल लोहिया, राकेश सिंह, शिव राम दास, नवीन सोनी, नगर निगम के अधिकारी और कई स्थानीय लोग मौजूद रहे.

