Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड में मलेरिया सर्वे अभियान के दौरान एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हो गया. जानकारी के अनुसार, सर्वे कार्य के दौरान एक जर्जर मकान का छप्पर अचानक भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दो स्वास्थ्य कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल मलबे से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया.
घायल स्वास्थ्य कर्मियों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मामले की जानकारी लेते हुए घायल स्वास्थ्य कर्मियों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. विभाग ने कहा कि मलेरिया नियंत्रण अभियान के दौरान स्वास्थ्यकर्मी विषम परिस्थितियों में भी लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर सर्वे, जांच एवं जागरूकता का कार्य कर रहे हैं. साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से मलेरिया से बचाव के लिए घर एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, जल जमाव नहीं होने देने, मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने तथा बुखार आने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: चक्रधरपुर: मतदाता सूची पुनरीक्षण में पारदर्शिता पर जोर, LRDC ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
