रांची में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की अब खैर नहीं, हेलमेट- नंबर प्लेट से छेड़छाड़ और अवैध पार्किंग पर पुलिस लेने वाली है कड़ा एक्शन

Ranchi: राजधानी रांची की ट्रैफिक पुलिस ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ा एक्शन लेने वाली है. रांची की सड़कों पर...

trafic police

Ranchi: राजधानी रांची की ट्रैफिक पुलिस ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ा एक्शन लेने वाली है. रांची की सड़कों पर अक्सर देखा जाता है कि आमलोग ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं. हालांकि ट्रैफिक पुलिस प्रतिदिन चालान काट रही है लेकिन आमलोगों पर इसका ज्यादा असर नहीं पड़ रहा है. शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और हादसों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है. अब केवल जुर्माना लगाकर खानापूर्ति नहीं की जाएगी, बल्कि बार-बार नियम तोड़ने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस को रद्द कराने की तैयारी में जुटी है. इसके लिए ट्रैफिक पुलिस सीधे कोर्ट से गुहार लगाएगी. गौरतलब है कि पिछले डेढ़ महीने के दौरान रांची ट्रैफिक पुलिस के द्वारा 1.84 लाख वाहनों का चालान काटा गया है.

तीन मुख्य गड़बड़ियों पर सबसे ज्यादा फोकस रहेगा

यातायात पुलिस के आला अधिकारियों के मुताबिक, इस विशेष अभियान के तहत तीन मुख्य गड़बड़ियों पर सबसे ज्यादा फोकस रहेगा. बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाने वाले, नंबर प्लेट के साथ छेड़ छाड़ करने (टेप लगाना) सड़कों पर कहीं भी अवैध रूप से वाहन पार्क करने वाले लोग सावधान हो जाएं. रांची की ट्रैफिक पुलिस इन लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में जाम और दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण ये तीन मुख्य लापरवाहियां हैं. कई लोग वीआईपी नंबरों की नकल करके या नंबर प्लेट पर पदनाम और धार्मिक चिन्ह लिखकर असली नंबर को छुपाने का प्रयास करते हैं. ऐसे वाहनों का इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में भी होने की आशंका रहती है. इसके अलावा, सड़कों के किनारे अवैध पार्किंग के कारण रांची के मुख्य बाजारों जैसे मेन रोड, लालपुर, और कचहरी चौक पर हर दिन लंबा जाम लगता है. नियमों को सख्ती से लागू करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने एक नया ब्लूप्रिंट तैयार किया है. शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए ऐसे वाहनों की निगरानी की जा रही है.

आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज होगा

वाहन चालक अगर ट्रैफिक नियमों दोबारा उसी गलती को दोहराता है, तो ट्रैफिक पुलिस उसके खिलाफ कोर्ट में रिक्वेस्ट दायर करेगी. इस पत्र के माध्यम से अदालत से अपील की जाएगी कि संबंधित चालक का ड्राइविंग लाइसेंस स्थाई रूप से निरस्त कर दिया जाए. रांची ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें. वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें, अपने वाहनों पर परिवहन विभाग के नियमों के अनुसार ही नंबर प्लेट लगाएं और वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें. पुलिस का साफ संदेश है कि सड़कों पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज होगा.

AlsoRead:नीति आयोग की रिपोर्ट में खुलासा : 10 साल में 94000 सरकारी स्कूल हुए बंद, पुडुचेरी और केरल में ड्रॉपआउट रेट अधिक

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *