Ranchi: भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत रांची जिले में मतदाता सत्यापन का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है. 15 जुलाई 2026 को शाम 4 बजे तक जिले के कुल 26,74,681 मतदाताओं में से 22,73,538 मतदाताओं यानी 85 प्रतिशत तक एन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं. वहीं 10,15,294 फॉर्म का डिजिटाइजेशन भी पूरा हो चुका है, जो कुल फॉर्म का 37.96 प्रतिशत है.
फॉर्म वितरण में सिल्ली, तमाड़ और खिजरी विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे
फॉर्म वितरण में सिल्ली (98.73 प्रतिशत), तमाड़ (98.61 प्रतिशत) और खिजरी (98.15 प्रतिशत) विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे हैं, जबकि मांडर में भी 95.27 प्रतिशत फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं. दूसरी ओर रांची, हटिया और कांके विधानसभा क्षेत्रों में भी फॉर्म वितरण और डिजिटाइजेशन का कार्य लगातार जारी है.
BLO और संबंधित अधिकारियों को उपायुक्त ने दिया निर्देश
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सभी BLO और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है, कि शेष मतदाताओं तक जल्द से जल्द एन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाकर निर्धारित समय-सीमा के भीतर डिजिटाइजेशन का कार्य भी पूरा करें. जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है, कि वे भरा हुआ एन्यूमरेशन फॉर्म अपने BLO को समय पर उपलब्ध कराकर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें.
