एक साथ 200 छात्रों के रहने की होगी क्षमता, ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आने वाले मेधावी छात्रों को रांची में रहकर पढ़ाई का मिलेगा बेहतरीन मौका
Ranchi: रांची के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक, कांटाटोली चौक पर जल्द ही एक बड़ा और आधुनिक आवासीय परिसर आकार लेने जा रहा है. छात्रों की बुनियादी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने कांटाटोली में 200 बेड वाले ‘बीएमसी हॉस्टल’ परिसर के निर्माण की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू कर दी है. 9.46 करोड़ की भारी-भरकम लागत से बनने वाला यह हॉस्टल झारखंड के युवाओं और छात्रों के लिए मील का पत्थर साबित होगा. एक साथ 200 छात्रों के रहने की क्षमता होने के कारण ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आने वाले मेधावी छात्रों को रांची जैसे शहर में रहकर पढ़ाई पूरी करने का एक बेहतरीन मौका मिलेगा.
झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड को मिली जिम्मेदारी
इस बेहद महत्वपूर्ण सरकारी परियोजना के निर्माण की जिम्मेदारी झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड, रांची को सौंपी गई है. विभाग ने इस बहुमंजिला भवन के निर्माण के लिए सभी जरूरी प्रशासनिक प्रक्रियाएं शुरू कर दी हैं. निर्माण कार्य को तय समय-सीमा के भीतर पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के लिए जेएसबीसीएल ने एक उच्च स्तरीय निगरानी और विशेषज्ञ इंजीनियरों की टीम भी तय कर दी है, जिसमें प्रोजेक्ट मैनेजर और आर्किटेक्ट से लेकर इलेक्ट्रिकल व सैनिटरी मामलों के विशेषज्ञ शामिल रहेंगे.
योजना की जमीनी स्थिति: प्रक्रिया हो चुकी है शुरू
इस आवासीय परिसर के निर्माण के लिए कागजी प्रक्रिया और प्रशासनिक मंजूरियों का काम पूरा कर लिया गया है. इस पूरे प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के लिए 12 महीने (1 वर्ष) का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. सरकार इस पूरे परिसर पर 9,46,22,434 खर्च करने जा रही है. इसमें से मुख्य भवन के अलावा फर्नीचर के लिए लगभग 55 लाख और बिजली-पानी की मुकम्मल व्यवस्था के लिए 47 लाख से अधिक की राशि अलग से आवंटित की गई है.
छात्रों को क्या होगा फायदा, क्यों खास है यह परियोजना
कांटाटोली चौक और इसके आसपास का इलाका रांची का एक बड़ा एजुकेशन हब है, जहां राज्य के कोने-कोने से हजारों छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और उच्च शिक्षा के लिए आते हैं. इस हॉस्टल के बनने से छात्रों को सीधे तौर पर कई बड़े फायदे मिलेंगे. निजी लॉज और महंगे कमरों के किराए से परेशान रहने वाले छात्रों को सरकार की ओर से बेहद रियायती दर पर रहने की सुरक्षित जगह मिलेगी. परिसर में केवल रहने के कमरे ही नहीं होंगे, बल्कि छात्रों की पढ़ाई के लिए अनुकूल माहौल, आधुनिक फर्नीचर, चौबीस घंटे बिजली-पानी की आपूर्ति और सैनिटरी की उत्तम व्यवस्था होगी. कांटाटोली चौक पर हॉस्टल होने के कारण छात्रों के लिए शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों, कॉलेजों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड तक पहुंचना बेहद आसान होगा, जिससे उनका समय और किराया दोनों बचेगा.
