Ranchi: राजधानी रांची के डेली मार्केट, कांटाटोली बस स्टैंड और बड़ा घाघरा इलाके का स्वरूप आने वाले समय में बदल सकता है. इन तीनों जगहों पर आधुनिक कमर्शियल मार्केट बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है. हालांकि, यह अभी सिर्फ एक प्रस्ताव है. इस पर अंतिम फैसला और निर्माण कार्य संबंधित अधिकारियों से मंजूरी मिलने के बाद ही शुरू होगा. इस योजना का उद्देश्य शहर में आधुनिक बाजार विकसित करना, बेहतर पार्किंग की व्यवस्था करना, व्यापार को बढ़ावा देना और लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है.
डेली मार्केट में बनेगा नया कमर्शियल मार्केट, दुकानदार कर रहे हैं विरोध
डेली मार्केट में प्रस्तावित कमर्शियल मार्केट का वहां कई वर्षों से दुकान लगाने वाले दुकानदार विरोध कर रहे हैं. दुकानदारों का कहना है कि इस योजना से उनका रोजगार प्रभावित हो सकता है. हालांकि, रांची नगर निगम ने साफ किया है कि किसी भी मौजूदा दुकानदार के साथ अन्याय नहीं होगा. नगर निगम के अनुसार, जब नया कमर्शियल मार्केट बनकर तैयार होगा, तब सबसे पहले अभी डेली मार्केट में दुकान लगाने वाले सभी दुकानदारों को ही दुकान आवंटित की जाएगी. इसके बाद यदि दुकानें बचती हैं, तो उन्हें नए वेंडरों और अन्य दुकानदारों को आवंटित किया जाएगा. नगर निगम का कहना है कि नया मार्केट बनने के बाद पहले से अधिक दुकानें उपलब्ध होंगी. इससे मौजूदा दुकानदारों को व्यवस्थित जगह मिलेगी और नए लोगों को भी कारोबार शुरू करने का अवसर मिलेगा. साथ ही पार्किंग, साफ-सफाई और अन्य सुविधाएं भी पहले से बेहतर होंगी.
कांटाटोली बस स्टैंड का भी होगा विकास
योजना के तहत कांटाटोली बस स्टैंड क्षेत्र में भी आधुनिक कमर्शियल मार्केट बनाने का प्रस्ताव है. इसके बनने से बस स्टैंड क्षेत्र अधिक व्यवस्थित होगा, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और आसपास के इलाके में व्यापारिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी.
बड़ा घाघरा में कोर्ट के फैसले के बाद बनेगा मार्केट
बड़ा घाघरा में भी आधुनिक कमर्शियल मार्केट बनाने की योजना है. लेकिन इस जमीन से जुड़ा मामला फिलहाल कोर्ट में लंबित है. नगर निगम का कहना है कि जैसे ही कोर्ट का फैसला आएगा, उसके आदेश के अनुसार वहां मार्केट का निर्माण कराया जाएगा.
