Saraikela : तिरुलडीह थाना अंतर्गत सफादा गांव की मुख्य सड़क बारिश में पूरी तरह बदहाल हो गई है. सड़क पर गहरे गड्ढे, कीचड़ और जलजमाव के कारण ग्रामीणों का पैदल चलना और वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया है. इस सड़क से कुकड़ू, ईचागढ़ और तिरुलडीह प्रखंड मुख्यालय को आवागमन होता है. सड़क की खराब स्थिति के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और बीमार मरीजों को अस्पताल पहुंचने में भारी दिक्कत हो रही है. दोपहिया वाहन आए दिन फिसल रहे हैं. पैदल चलने वाले भी कीचड़ में गिरकर चोटिल हो रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत नहीं हुई.
ओवरलोड ट्रैक्टरों से टूटी सड़क
शाम ढलते ही सैकड़ों बालू माफिया द्वारा प्रतिदिन हाईवा ट्रेक्टर द्वारा बालू लदे ओवरलोड ट्रैक्टर इसी सड़क से गुजरते हैं. लगातार दबाव के कारण सड़क टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गई है. बारिश का पानी जमा होने से सड़क फिसलन भरी हो गई है. पिछले कुछ दिनों में कई वाहन कीचड़ में फंसने और फिसलने की घटनाएं हो चुकी हैं. ग्रामीण समाजसेवी रबिन्द्र, बिपदतारण, निरंजन, राजकुमार, मोनोहर, बुड्ढेश्वर और गोरंग भाई ने कहा कि रोजाना जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है. उन्होंने संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क की तुरंत मरम्मत कराई जाए और जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने समस्या को नजरअंदाज किया तो वे बड़े स्तर पर जन आंदोलन करने को बाध्य होंगे. लगातार बारिश के कारण क्षेत्र की अन्य ग्रामीण सड़कों पर भी आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है.
Also Read : पलामू : महिला ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी
