Ranchi: लालपुर थाना क्षेत्र से जमीन विवाद और दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है. एक पीड़ित महिला ने लालपुर थाना प्रभारी को पत्र लिखकर अपनी खतियानी जमीन पर अवैध कब्जा करने, बाउंड्रीवॉल तोड़ने और उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पुलिस को सौंपे गए शिकायती पत्र में महिला ने जान-माल की सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

क्या है पूरा मामला?
पीड़ित महिला मनीषा सिन्हा (पति स्वर्गीय रंजीत नाथ सिन्हा), जो वर्तमान में इंद्रपुरी रोड नंबर 1 (थाना-सुखदेवनगर, जिला-रांची) की निवासी हैं, उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी एक खतियानी जमीन मौजा- हातमा (थाना नंबर 200, लालपुर थाना क्षेत्र) के अंतर्गत आती है.
इस जमीन का विवरण इस प्रकार है
- – खाता संख्या:133
- – प्लॉट संख्या: 334
- – रकबा: 37 डिसमिल महिला के अनुसार, यह जमीन उनके पूर्वज गोरख नाथ के नाम पर दर्ज थी। उनकी मृत्यु के बाद मनीषा सिन्हा के पति स्वर्गीय रंजीत सिन्हा और उनके परिवार ने इस पर शांतिपूर्ण रूप से कब्जा पाया और अपने नाम पर दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) भी कराया था. पति के निधन के बाद से मनीषा सिन्हा और उनका परिवार ही इस जमीन की देखरेख कर रहा है.
लाखों रुपये खर्च कर कराई थी बाउंड्रीवॉल, दबंगों ने ढहाया
शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने अपनी जमीन को सुरक्षित करने के लिए काफी प्रयासों के बाद करीब 20 से 25 लाख रुपये खर्च कर वहां एक मजबूत सेलेभ बाउंड्रीवॉल’ और गेट का निर्माण करवाया था. लेकिन दिनांक 12 जुलाई की सुबह लगभग 9:30 से 10:00 बजे के बीच, स्थानीय दबंगों और आरोपियों ने मिलकर उस बाउंड्रीवॉल और गेट को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया और ढहा दिया। महिला को इस घटना की सूचना सुबह करीब 11:00 बजे मिली.
आरोपियों ने दी जान से मारने की धमकी: अब तुम्हारी और तुम्हारे बेटे की बारी है
पीड़िता का आरोप है कि जब वह सूचना मिलने के बाद अपनी जमीन पर पहुंची, तो वहां मौजूद आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और डराने-धमकाने लगे. आरोपियों ने महिला को बेहद संवेदनशील और डरावनी धमकी देते हुए कहा. तेरा तो पति मर गया है, अब तो तुम्हारा एवं तुम्हारे बेटे की बारी है. इस धमकी से महिला बुरी तरह सहम गईं और अपनी जान बचाकर किसी तरह वहां से भाग निकलीं.
पहले भी हो चुकी है विवाद की कोशिश
यह कोई पहला मौका नहीं है जब इस जमीन को लेकर विवाद खड़ा किया गया हो. शिकायत पत्र के अनुसार, इससे पहले 31 मार्च 2026 को भी जब महिला जमीन पर बाउंड्रीवॉल कराने गई थीं, तब भी आरोपियों ने उन्हें धमकाते हुए कहा था कि इस जमीन पर उनका कब्जा है और यदि वह पीछे नहीं हटीं तो उन्हें अपनी जान से हाथ धोना पड़ेगा. महिला ने इस पूर्व घटना की लिखित सूचना भी 31 मार्च 2026 को लालपुर थाना प्रभारी को दी थी.
इन लोगों के खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायत
- – जगलाल पाहन (हातमा, लालपुर)
- – सुरेश पाहन(हातमा, लालपुर)
- – रोशन पाहन (हातमा, लालपुर)
- – निर्मल पाहन(हातमा, लालपुर)
- – संदीप हेम्ब्रोम (हातमा, लालपुर)
- – कुलदीप हेम्ब्रोम (हातमा, लालपुर)
- – प्रेमसाही मुण्डा (हातमा, लालपुर)
- – बबलू मुण्डा (निवासी- मोराबादी, थाना- लालपुर)
पीड़िता ने की सुरक्षा और न्याय की गुहार
अपनी और अपने इकलौते बेटे की जान को खतरे में बताते हुए मनीषा सिन्हा ने लालपुर थाना प्रभारी से इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उचित छानबीन करने का आग्रह किया है। उन्होंने मांग की है कि सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें व उनके परिवार को अविलंब उचित सुरक्षा प्रदान की जाए.
ALSO READ : रांची के तीन जगहों पर कमर्शियल मार्केट बनाने का प्रस्ताव, डेली मार्केट के दुकानदारों ने जताई आपत्ति
