Koderma: राज्य यक्ष्मा कार्यालय, झारखण्ड, रांची द्वारा जनवरी से जून 2026 तक अधिसूचित टीबी मरीजों की संख्या के आधार पर कोडरमा जिले को “टीबी मुक्त” बनाने के उद्देश्य से चार माह का विशेष लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके तहत जिले में अधिक से अधिक लोगों की हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से टीबी स्क्रीनिंग की जा रही है. अभियान के प्रथम दिन 14 जुलाई 2026 को जिले के दो स्थानों पर टीबी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए गए. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, झुमरीतिलैया में कुल 53 व्यक्तियों तथा वृद्धाश्रम, झुमरीतिलैया में कुल 13 व्यक्तियों की टीबी स्क्रीनिंग की गई. वृद्धाश्रम में लाभुकों की ब्लड शुगर एवं ब्लड प्रेशर की भी जांच की गई.
6 व्यक्तियों के बलगम के नमूने ट्रूनेट जांच के लिए भेजे गए
दोनों शिविरों में टीबी के लक्षण वाले कुल 16 व्यक्तियों को चिह्नित कर उनके बलगम के नमूने ट्रूनेट मशीन से जांच के लिए भेजे गए. इसी क्रम में 15 जुलाई 2026 को जयनगर प्रखंड अंतर्गत पंचायत भवन, डंडाडीह में टीबी स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में कुल 66 व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की गई, जिनमें टीबी के लक्षण वाले 6 व्यक्तियों के बलगम के नमूने ट्रूनेट जांच के लिए भेजे गए. जांच में टीबी की पुष्टि होने पर संबंधित मरीजों का तत्काल उपचार प्रारंभ किया जाएगा. शिविर में अशोक कुमार, जीतू कुमार, एसटीएस सुनीता कुमारी, जीएनएम ज्योति कुमारी, एसटीएलएस विकास कुमार सिन्हा, सीएचओ, सहिया एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे.
ALSO READ : रांची: नक्सली योगेंद गंझू की जमानत याचिका खारिज, नहीं मिली बेल
