Palamu : जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव अभिषेक तिवारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर रांची में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया. भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, NSUI के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम ने झारखंड के युवाओं में नई ऊर्जा का संचार किया है.
युवाओं के अधिकारों की लड़ाई होगी तेज
अभिषेक तिवारी ने कहा कि रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष और कार्यक्रम के संयोजक कुमार राजा के सक्रिय नेतृत्व ने इस आयोजन को ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बना दिया है. तिवारी ने स्पष्ट किया कि छात्रों और युवाओं के अधिकार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प के साथ शुरू हुई यह मुहिम अब पूरे पलामू में गूंजेगी. उन्होंने कहा कि पलामू में भी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का विस्तार किया जाएगा ताकि जिले के हर छात्र और युवा की आवाज को बुलंद किया जा सके. जिला कांग्रेस महासचिव ने संकल्प दोहराया कि वे युवाओं के हक और अधिकार की लड़ाई को पूरी मजबूती से लड़ेंगे और इस अभियान को पलामू के जन-जन तक पहुंचाकर इसे एक सशक्त आंदोलन का रूप देंगे.
Also Read : खूंटी डबल मर्डर मामला: लव ट्राइंगल में हुई थी युवक और युवती की हत्या, महिला समेत छह आरोपी गिरफ्तार
