Khunti : जिले के खूंटी थाना क्षेत्र में तजना नदी पुल के पास मिले एक अज्ञात युवक और महिला के शव के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा किया है. एसपी ऋषभ गर्ग के निर्देश पर पुलिस की टीम इस दोहरे हत्याकांड में शामिल एक महिला सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इनके पास से हत्या में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी, लोहे की रॉड और अन्य महत्वपूर्ण सबूत बरामद किए गए हैं. लव ट्राइंगल को लेकर इस दोहरे हत्याकांड की घटना को अंजाम दिया गया था. पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि महिला अपने पति से अलग रह रही थी. घटना से एक दिन पहले वह अपने एक साथी के साथ अपने पांच साल के बेटे को लेने के लिए अपने पति की घर गई थी. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया जिसके बाद पति ने अन्य लोगों के साथ मिलकर युवक और युक्ति की हत्या कर दी.
क्या है पूरा मामला?
बीते 10 जुलाई को खूंटी थाना अंतर्गत ग्राम घाघरा स्थित तजना नदी पुल के पास से पुलिस ने एक अज्ञात युवक और एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए खूंटी के एसपी के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सबसे पहले घटना में संलिप्त मुख्य आरोपी कुन्दन प्रमाणिक उर्फ संजीत को गिरफ्तार किया. पुलिस पूछताछ में कुन्दन ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए इस दोहरे हत्याकांड में शामिल अपने अन्य सहयोगियों के नाम और पतों का खुलासा किया. इसके बाद पुलिस ने जाल अन्य पांच आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया.जिनमें जितेन्द्र सिंह उर्फ जायरा, रितेश चीक बडाईक, मदन ठाकुर उर्फ मदन प्रमाणिक, सती देवी और विजय रंजन शर्मा शामिल है.
Read Also: रांची में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की अब खैर नहीं, हेलमेट- नंबर प्लेट से छेड़छाड़ और अवैध पार्किंग पर पुलिस लेने वाली है कड़ा एक्शन
