Ranchi: रांची पुलिस ने समाज को जागरूक करने और सच्चाई को सामने लाने में मीडिया की स्वतंत्रता और उसकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की है. पुलिस ने कहा है कि अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में मीडिया हमेशा से पुलिस का एक अहम सहयोगी रहा है. हालांकि, हाल के दिनों में सामने आए कुछ मामलों को लेकर पुलिस प्रशासन ने चिंता भी व्यक्त की है.
जांच प्रभावित होने और अपराधियों के भागने की आशंका
रांची पुलिस के संज्ञान में आया है कि कुछ मीडिया चैनलों और समाचार पत्रों द्वारा चल रही पुलिस जांच की बेहद बारीक और संवेदनशील जानकारियां सार्वजनिक की जा रही हैं. इनमें पुलिस की आगामी कार्रवाई, संदिग्धों के नाम, छापेमारी के संभावित स्थान और पुलिस द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों का विवरण शामिल है. पुलिस ने ध्यान आकर्षित करते हुए कहा है कि इस प्रकार की संवेदनशील और गोपनीय सूचनाओं के समय से पहले सार्वजनिक होने से गंभीर परिणाम भुगतने पड़ते हैं. मामले की जांच की दिशा और उसकी गुणवत्ता गंभीर रूप से प्रभावित होती है.
अपराधी हो जाते हैं सतर्क
आरोपियों को पुलिस की रणनीति का पता चल जाता है, जिससे वे सतर्क होकर भागने या सबूतों को मिटाने में सफल हो जाते हैं. समय से पहले जानकारियां बाहर आने से गवाहों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है.
पुलिस ने की विनम्र अपील
रांची पुलिस सभी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया संस्थानों से यह विनम्र अपील करती है, कि वे किसी भी आपराधिक मामले की जांच पूरी होने तक ऐसी किसी भी अप्रमाणित या संवेदनशील जानकारी को साझा करने से बचें, जो पुलिस की कार्रवाई में बाधा उत्पन्न कर सकती है. रांची पुलिस ने आश्वस्त किया है कि वे समय-समय पर आधिकारिक चैनलों और प्रेस ब्रीफिंग के माध्यम से मीडिया को प्रमाणित व सही जानकारी उपलब्ध कराते रहेंगे. न्याय सुनिश्चित करने और अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने के इस साझा प्रयास में रांची पुलिस ने सभी मीडिया बंधुओं से निरंतर सहयोग की अपेक्षा की है.
