Gumla: जिले के रायडीह प्रखंड अंतर्गत चारटोली गांव में एक ही परिवार से दादा और पोते की अर्थी एक साथ उठने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. इस हृदयविदारक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है.
दादा की बीमारी के दौरान हुई मौत
जानकारी के अनुसार, चारटोली निवासी लिखन सिंह (65 वर्ष) को दो दिन पहले अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई थी. परिजन उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल गुमला ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर करने की सलाह दी. परिजनों के अनुसार उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी. बुधवार को उन्होंने अंतिम सांस ली.
सड़क हादसे में घायल पोते ने भी तोड़ा दम
इधर, लिखन सिंह के पोते बहादुर सिंह (23 वर्ष), पिता शीतल सिंह, गत 11 जुलाई को छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के लोदाम थाना क्षेत्र स्थित जुलतेला के समीप हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे. बताया जाता है कि एक ही मोटरसाइकिल पर तीन युवक सवार थे. तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े सेखुवा के पेड़ से टकरा गई. हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. बहादुर सिंह का पहले स्थानीय अस्पताल में इलाज चला. बाद में उन्हें रिम्स, रांची रेफर किया गया. इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई.
गमगीन माहौल में निकली अंतिम यात्रा
दादा और पोते की एक साथ अंतिम यात्रा निकली, तो पूरा गांव गमगीन हो उठा. परिजनों के साथ ग्रामीणों की भी आंखें नम हो गईं. पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.
