पतरातू लेक रिजॉर्ट में बढ़ेगा पर्यटन का रोमांच, आज से शुरू होगा फ्लोटिंग रेस्टोरेंट और म्यूजिकल फाउंटेन

Ranchi: झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल पतरातू लेक रिजॉर्ट (पतरातू डैम) अब पर्यटकों को एक नया और यादगार अनुभव देने...

Ranchi: झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल पतरातू लेक रिजॉर्ट (पतरातू डैम) अब पर्यटकों को एक नया और यादगार अनुभव देने के लिए तैयार है. प्राकृतिक सौंदर्य के बीच अब सैलानी पानी पर तैरते हुए फ्लोटिंग रेस्टोरेंट में भोजन का आनंद ले सकेंगे, वहीं शाम के समय म्यूजिकल फाउंटेन का आकर्षक नजारा भी देखने को मिलेगा. गुरुवार को राज्य के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू इन दोनों परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे.

एक साथ 30 लोगों के बैठने की व्यवस्था

फ्लोटिंग रेस्टोरेंट को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है. इसमें एक समय में 30 लोगों के बैठने की व्यवस्था है. यहां पर्यटक परिवार और दोस्तों के साथ भोजन का आनंद लेने के अलावा बर्थडे पार्टी, बिजनेस मीटिंग, प्री-वेडिंग शूट, एंगेजमेंट और अन्य निजी कार्यक्रमों का आयोजन भी कर सकेंगे.

JTDC वेबसाइट से होगी बुकिंग

इस अनोखे फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की बुकिंग झारखंड पर्यटन विकास निगम (JTDC) की वेबसाइट के माध्यम से की जा सकेगी. इसके अलावा पिछले छह महीनों से तैयार म्यूजिकल फाउंटेन भी गुरुवार से आम लोगों के लिए शुरू कर दिया जाएगा, जिससे शाम के समय पतरातू डैम की खूबसूरती और बढ़ जाएगी.

जल्द शुरू होगी हाउसबोट की सुविधा

पर्यटन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आने वाले समय में पतरातू लेक में हाउसबोट की सुविधा भी शुरू की जाएगी. इससे पर्यटकों को झील के बीच ठहरने और प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने का नया अवसर मिलेगा.

झारखंड का दूसरा फ्लोटिंग रेस्टोरेंट

पतरातू का यह फ्लोटिंग रेस्टोरेंट झारखंड का दूसरा ऐसा प्रोजेक्ट है. राज्य का पहला फ्लोटिंग रेस्टोरेंट अगस्त 2025 में कोडरमा जिले के तिलैया डैम (उर्वा) में शुरू किया गया था. सरकार अब रांची के धुर्वा डैम और गेतलसूद डैम में भी इसी तरह की परियोजनाएं विकसित करने की योजना बना रही है, ताकि राज्य में ईको-टूरिज्म को बढ़ावा मिल सके.

भारत के प्रमुख फ्लोटिंग रेस्टोरेंट्स

कोलकाता (पश्चिम बंगाल)

हुगली नदी पर स्थित पोलो फ्लोटेल (Polo Floatel) और इको पार्क लेक का कैफे एकांते हाउस बोट देश के लोकप्रिय फ्लोटिंग रेस्टोरेंट्स में शामिल हैं.

गोवा

चपोरा और मांडवी नदी में संचालित कई फ्लोटिंग बार, क्रूज और रेस्टोरेंट, जैसे वाटरमार्क, पर्यटकों के बीच खासे लोकप्रिय हैं.

केरल

अलाप्पुझा (अलेप्पी) के बैकवाटर्स में चलने वाले लग्जरी हाउसबोट और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट दुनियाभर के पर्यटकों को आकर्षित करते हैं.

श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर)

डल झील के पारंपरिक शिकारे और हाउसबोट रेस्टोरेंट पर्यटकों को कश्मीर की खूबसूरती के बीच शाही अनुभव प्रदान करते हैं.

सरहिंद (पंजाब)

भाखड़ा मेनलाइन नहर पर बना फ्लोटिंग रेस्टोरेंट भारत के सबसे पुराने तैरते हुए होटल और रेस्टोरेंट्स में गिना जाता है.

Read Also: सरायकेला: स्वर्णरेखा तट पर स्थित प्राचीन जयदा शिव मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र, शादी-विवाह से लेकर रुद्राभिषेक तक हर महीने उमड़ता है भक्तों का जनसैलाब

पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, म्यूजिकल फाउंटेन और प्रस्तावित हाउसबोट जैसी सुविधाओं के शुरू होने से पतरातू लेक रिजॉर्ट का आकर्षण और बढ़ेगा. पर्यटन विभाग को उम्मीद है कि इन नई पहल से न केवल देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा, बल्कि झारखंड में ईको-टूरिज्म और स्थानीय रोजगार को भी नई गति मिलेगी.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *