रामनवमी की तैयारी को लेकर महावीर मंडल और श्रृंगार समिति ने उपायुक्त से की मुलाकात

रांची: आगामी रामनवमी पर्व को लेकर रांची में तैयारियां तेज हो गई हैं. पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भव्य तरीके से मनाने...

रांची: आगामी रामनवमी पर्व को लेकर रांची में तैयारियां तेज हो गई हैं. पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भव्य तरीके से मनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को महावीर मंडल, रांची और रामनवमी श्रृंगार समिति (केंद्रीय शांति समिति) के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री से मुलाकात की. इस दौरान पर्व की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक सहयोग को लेकर विस्तार से चर्चा हुई.

जिम्मेदारी के साथ करेंगे काम 

प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को बताया कि रामनवमी के अवसर पर शहर के विभिन्न इलाकों से भव्य शोभायात्राएं, आकर्षक झांकियां, झंडा पूजन, महाआरती और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. उन्होंने इन आयोजनों को सफल बनाने के लिए ट्रैफिक व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और प्रशासनिक समन्वय की आवश्यकता पर भी जोर दिया. समिति के सदस्यों ने कहा कि वे जिला प्रशासन के साथ मिलकर पर्व को शांतिपूर्ण और भव्य बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करेंगे.

जिला प्रशासन पर्व को शांतिपूर्ण और सफल बनाने के लिए सहयोग करेगा

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा, कि रामनवमी जैसे धार्मिक पर्व रांची की सांस्कृतिक परंपरा, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक हैं. उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन पर्व को पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगा.

उपायुक्त ने कहा कि सभी शोभायात्राओं और धार्मिक कार्यक्रमों के मार्ग, समय और संख्या की जानकारी पहले से प्रशासन को दी जाए, ताकि बेहतर तरीके से व्यवस्था की जा सके. उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय शांति समिति और स्थानीय शांति समितियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखा जाएगा, ताकि किसी भी स्थिति में शांति और सौहार्द बना रहे.

पर्व के दौरान पुलिस, ट्रैफिक और अग्निशमन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा जाएगा, वहीं संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी. उपायुक्त ने सभी संगठनों और आम नागरिकों से अपील की कि रामनवमी का पर्व उत्साह, भाईचारे और अनुशासन के साथ मनाएं तथा किसी भी तरह की उत्तेजक टिप्पणी, अफवाह या नियमों के उल्लंघन से बचें.

यह भी पढ़ें: रांची में रसोई गैस की कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई: मंजूनाथ भजंत्री

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *