Ranchi: रांची में चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर जेएलकेएम प्रमुख और डुमरी विधायक जयराम महतो ने राज्य सरकार से छात्रों के साथ सीधे बातचीत करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि अब मुख्यमंत्री को खुद पहल करनी चाहिए और आंदोलन कर रहे छात्रों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुननी चाहिए. जयराम महतो ने कहा कि छात्रों का आंदोलन शुरुआत में शांतिपूर्ण था, लेकिन सोमवार शाम को स्थिति बिगड़ गई. उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद पुलिस ने छात्रों पर बल प्रयोग किया. उनका दावा है कि अंधेरा होने के बाद लाइट बंद कर छात्रों के साथ मारपीट की गई. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान पत्रकारों के साथ भी दुर्व्यवहार और मारपीट की गई.
छात्रों से बातचीत कर समाधान निकाले सरकार
जयराम महतो ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी समस्या का समाधान बातचीत के जरिए ही निकाला जा सकता है. छात्रों की मांगों को नजरअंदाज करने या बल प्रयोग करने से विवाद और बढ़ेगा. उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और छात्रों से बातचीत करने की अपील की.
CBI जांच को लेकर सरकार पर निशाना
JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के मुद्दे पर जयराम महतो ने CBI जांच की मांग को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि CBI जांच होने पर विधायिका से जुड़े कई लोगों की भूमिका सामने आ सकती है, इसलिए राज्य सरकार जांच से बच रही है. उन्होंने मामले में एल. खियांग्ते की भूमिका पर भी सवाल उठाए और उनके नार्को टेस्ट की मांग की. जयराम महतो के मुताबिक, इससे मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं. उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों को दबाने के बजाय सरकार को उनके साथ बैठकर बातचीत करनी चाहिए. सरकार यदि गंभीरता से पहल करे तो आंदोलन को बातचीत के जरिए शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त किया जा सकता है.

