Giridih: भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश मंत्री शालिनी बैसखियार के गिरिडीह स्थित आवास पर शुक्रवार को भाजपा महिला नेत्रियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में संगठन की मजबूती, सदस्यता अभियान, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
संगठन विस्तार को लेकर बनाई रणनीति
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश मंत्री शालिनी बैसखियार ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी संगठन की रीढ़ होते हैं और संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता से ही संभव है. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा पार्टी के कार्यक्रमों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है. उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने, अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ने और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ लगातार संवाद स्थापित करने का आह्वान किया.
कई महिलाओं ने ग्रहण की भाजपा की सदस्यता
बैठक के दौरान कई महिलाओं ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की. महिला कार्यकर्ताओं ने मोबाइल फोन के माध्यम से पार्टी की सदस्यता प्रक्रिया पूरी की और संगठन से जुड़ने का संकल्प लिया.
डिजिटल लर्निंग पूरी कर प्राप्त किया प्रमाणपत्र
बैठक में डिजिटल सशक्तिकरण पर भी विशेष जोर दिया गया. सभी महिला कार्यकर्ताओं ने भाजपा के डिजिटल लर्निंग कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा किया और डिजिटल प्रमाणपत्र प्राप्त किया. इस मौके पर शालिनी बैसखियार ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल तकनीक का ज्ञान प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए जरूरी है. सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से संगठन की विचारधारा, कार्यक्रमों और जनहित से जुड़े संदेशों को तेजी और प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है.
तकनीक के बेहतर उपयोग से संगठन को मिलेगी नई गति
उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के बेहतर उपयोग से कार्यकर्ता जनता के साथ मजबूत संवाद स्थापित कर सकते हैं और संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा दे सकते हैं. उन्होंने सभी महिला कार्यकर्ताओं से लगातार सीखने और डिजिटल प्लेटफॉर्म का सकारात्मक उपयोग करने की अपील की.बैठक के दौरान संगठनात्मक एकजुटता, महिला सशक्तिकरण और आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला. कार्यक्रम में नीतू शोला, गुड़िया देवी, सपना पासवान, सुलेखा देवी, जया, रेखा, किरण कुमारी, सरोज सहित बड़ी संख्या में भाजपा महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं.
